मध्य प्रदेश के दतिया जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां उनाव ग्राम में एक सरपंच के पति के साथ दबंगों ने मारपीट कर उसे जूतों की माला पहनाकर पूरे बाजार में घुमाया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, उनाव ग्राम पंचायत की सरपंच किरण वर्मा के भतीजे विशाल के साथ एक विवाहिता 19 मार्च को प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग गई थी. इस मामले में उनाव पुलिस ने एक दिन बाद महिला को बरामद कर लिया. महिला ने पुलिस को बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से गई थी. इसके बाद पुलिस ने सरपंच पक्ष के किसी भी व्यक्ति पर मामला दर्ज नहीं किया.
युवक को जूतों की माला पहनाकर घुमाया
इस बात से नाराज महिला के दबंग परिजनों ने सरपंच के पति को निशाना बनाया. उन्होंने पहले सरपंच पति के साथ मारपीट की और फिर उसके मुंह पर कालिख पोत दी. इसके बाद उसे जूतों की माला पहनाकर उनाव ग्राम के बाजार में घुमाया गया.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो में सरपंच पति जूतों की माला पहनकर बाजार में जाते दिखाई दे रहे हैं और उनके पीछे परिजन चलते नजर आ रहे हैं.
पुलिस ने ST/ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया
पुलिस ने फोन पर बताया कि जुलूस निकाला गया है. फिलहाल इस मामले में उनाव थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
अशोक शर्मा