मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लगातार अजूबों का शहर बनती जा रही है. भोपाल के ऐशबाग में नगर निगम ने 90 डिग्री पुल के नजदीक अजीब ही शौचालय बना दिया है. दरअसल, 90 डिग्री पुल के पास वार्ड नंबर 40 में रेलवे की जमीन पर ही नगर निगम ने सुलभ शौचालय बना दिया. सुलभ शौचालय बनकर तैयार होने वाला था कि उससे पहले रेलवे ने उसके आगे अपनी बाउंड्री वाल बना दी, बाउंड्री वॉल बनने के बाद सुलभ शौचालय वाल के अंदर चला गया जिससे अब लोग शौचालय का उपयोग नहीं कर सकेंगे .
आपको बता दें कि सुलभ शौचालय का निर्माण किया जा रहा था तब नगर निगम के द्वारा क्षेत्रीय निवासियों ने आपत्ति भी दर्ज कराई थी कि यह रेलवे की जमीन है यहां पर सुलभ शौचालय का निर्माण नहीं किया जाए. मगर नगर निगम के अधिकारियों ने एक न सुनी और रेलवे की जमीन पर सुलभ शौचालय बना दिया . नतीजा ये हुआ कि शौचालय जब बनकर तैयार होने वाला था तभी रेलवे ने अपनी बाउंड्री बाल खींच दी.
अब नगर निगम ने जो पैसा शौचालय बनाने पर लगाया था वह बेकार जाएगा. क्षेत्रीय लोग इस गैर जिम्मेदारी पर काफी नाराजगी जाता रहे हैं. क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम पर उनका कहना है कि क्या नगर निगम अब इस शौचालय तक पहुंचने के लिए फ्लाईओवर ब्रिज बनाएगा या फिर नीचे से अंडरपास बनाएगा?
सामाजिक कार्यकर्ता अलमास अली बोले हमने नगर निगम से शौचालय बनाने की मांग की थी मगर नगर निगम ने रेलवे की जमीन पर ही शौचालय बना दिया. अब रेलवे ने अपनी बाउंड्री वाल बना दी है इस कारण हम लोग अब शौचालय का उपयोग नहीं कर पाएंगे.
धर्मेंद्र साहू