बसों पर चढ़े किसान, वीर सावरकर सेतु पार कर CM हाउस की ओर बढ़े... भोपाल में बेबस दिखी पुलिस; मुख्यमंत्री का पहला बयान

MP Farmers Protest: भोपाल के वीर सावरकर सेतु पर चढ़े किसान, CM हाउस कूच की कोशिश. मूंग MSP खरीद पर बवाल के बीच बोले CM मोहन यादव- बातचीत से निकलेगा हल.

Advertisement
100% मूंग खरीदी पर अड़े 19 किसान संगठन.(Photo:PTI) 100% मूंग खरीदी पर अड़े 19 किसान संगठन.(Photo:PTI)

रवीश पाल सिंह

  • भोपाल,
  • 29 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:13 PM IST

मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य यानी MSP पर मूंग की 100% खरीदी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों का गुस्सा राजधानी भोपाल की सड़कों पर फूट पड़ा है. नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर, रायसेन और विदिशा समेत 19 किसान संगठनों के हजारों किसान पुलिस की बैरिकेडिंग ध्वस्त करते हुए भोपाल के वीर सावरकर सेतु को पार कर चुके हैं और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. उधर, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज शाम 6 बजे के बाद किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात करने के लिए हामी भर दी है.

Advertisement

प्रदर्शनकारी किसान बसों पर चढ़कर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर तैनात पुलिस बल उग्र भीड़ के आगे असहाय और बेबस नजर आ रहा है. देखें VIDEO:- 

राजधानी में उपजे तनावपूर्ण हालात और ट्रैफिक जाम के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव का आधिकारिक बयान सामने आया है. CM ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के साथ सदैव खड़ी है. हम सकारात्मक सुझावों के साथ समस्या का समाधान हमेशा संवाद से निकालते हैं. जनता को किसी प्रकार का कष्ट न हो, इसकी चिंता दोनों पक्षों को करनी चाहिए. हमारी सरकार ने एक विशेष कमेटी गठित की है, जो किसान भाइयों से सतत संवाद कर रही है. 

उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया है कि CM मोहन यादव बुधवार शाम 6 बजे के बाद किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे.

क्यों बेकाबू हुए किसान? समझिए वजह
किसानों का मुख्य विरोध सरकार द्वारा तय की गई खरीदी सीमा को लेकर है. दरअसल, 1 एकड़ खेत में औसतन 4 से 5 क्विंटल मूंग की पैदावार होती है, लेकिन सरकार समर्थन मूल्य पर केवल 1.20 क्विंटल ही खरीद रही है. बची हुई 3 से 4 क्विंटल मूंग को किसान मंडी में औने-पौने दामों  यानी 4000 से 5500 रुपये तक में बेचने पर मजबूर हैं.

Advertisement

इसी घाटे की भरपाई और शत-प्रतिशत खरीद की मांग को लेकर नर्मदापुरम से चला यह 'किसान मार्च' अब राजधानी के मुख्य प्रशासनिक इलाकों तक पहुंच चुका है.

कृषि मंत्री देर रात पहुंचे दफ्तर

कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने मंगलवार रात भोपाल में अपने ऑफिस में प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी बातें सुनीं. एक बयान में मंत्री ने कहा, "किसानों की खास मांगों, खासकर मूंग  की खरीद से जुड़ी मांगों पर अच्छी बातचीत हुई. किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा."

किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार का वादा दिखाते हुए कंषाना ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को उनकी समस्याओं को हल करने और मूंग खरीद समेत दूसरे मुद्दों पर जरूरी कदम उठाने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है. उन्होंने किसानों से शांति बनाए रखने और बातचीत से हल निकालने की अपील की, और इस बात पर जोर दिया कि सरकार और किसान साथी हैं.

मंत्री ने कहा, "सरकार का मकसद यह पक्का करना है कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले और उन्हें किसी भी परेशानी से बचाया जा सके."

शिवराज सिंह चौहान को लिखा पत्र

किसानों से बातचीत के बाद कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक लेटर लिखा, जिसमें गर्मियों में मूंग खरीद का टारगेट बढ़ाने की आग्रह किया गया. पत्र में उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर दाम मिलें और भविष्य में दालों के प्रोडक्शन में उनकी दिलचस्पी बनी रहे, इसके लिए उन्हें MSP का ज्यादा से ज्यादा फायदा देना जरूरी है, जो केंद्र सरकार की दी गई टारगेट लिमिट से मुमकिन नहीं होगा.

Advertisement

इस बीच, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) आदित्य राज सिंह ने बताया कि विरोध को देखते हुए सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है. लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए काफी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. गाड़ियों की आसान आवाजाही के लिए बैरिकेड्स लगाए गए हैं और ट्रैफिक डायवर्जन लागू हैं. सीनियर लेवल पर बातचीत चल रही है. जारी किए गए निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »