मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लक्ष्मी टॉकीज के पास एक कपड़े की दुकान में 30 साल के शख्स की अचानक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त को कपड़े दिलाने के लिए दुकान पर पहुंचा था. इसी दौरान उसके सीने में दर्द हुआ और कुछ ही सेकंड में उसकी तबीयत बिगड़ गई जिससे उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
यह घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान शैलेंद्र मालवीय के रूप में हुई है. सोमवार रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त के साथ लक्ष्मी टॉकीज के पास स्थित कपड़े की दुकान पर गया था. दुकान में मौजूद रहने के दौरान अचानक उसके सीने में दर्द होने लगा. बताया गया है कि उसने गोली भी खाई, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा.
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
युवक की हालत बिगड़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. शैलेंद्र की अचानक मौत से परिवार सदमे में है. उनके दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके.
CCTV फुटेज में कैद हुई घटना
कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक की तबीयत बिगड़ने और उसके साथ हुई घटना के दृश्य कैद हुए हैं. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. देखें VIDEO:-
हनुमानगंज पुलिस ने शुरू की जांच
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि सोमवार रात एक युवक को कपड़े की दुकान में हार्ट अटैक आया था. कुछ ही समय में उसकी मृत्यु हो गई. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
धर्मेंद्र साहू