भोपाल के कैफे में पिस्टल तांडव! युवक को धमकाने पहुंचे छात्र, पुलिस जवान पर पिस्टल तानकर फरार

भोपाल के इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित कैफे में छात्रों के दो गुटों की पुरानी रंजिश के दौरान पिस्टल तानने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शिवांशु को धमकाने पहुंचे राज राजपूत ने बीच-बचाव करने आए सिविल ड्रेसधारी पुलिस जवान पर भी बंदूक तान दी. पिपलानी पुलिस ने पृथ्वीराज सिंह राजपूत और राज राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

Advertisement
दो आरोपियों पर FIR.(Photo: Screengrab) दो आरोपियों पर FIR.(Photo: Screengrab)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:40 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में निजी कॉलेज के छात्रों के बीच पुरानी रंजिश ने गंभीर रूप ले लिया. इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित एक कैफे में युवक को धमकाने के लिए पिस्टल तान दी गई. आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस जवान पर भी आरोपी ने बंदूक तान दी. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है.

Advertisement

मामला पिपलानी थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि उस झगड़े के दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी. इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था.

यह भी पढ़ें: नौकरी के नाम पर बुलाता, फिर करता था यौन शोषण... भोपाल के 78 वर्षीय प्यारे मियां को 10 बार उम्रकैद

बताया जा रहा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित कैफे पहुंचा. आरोप है कि राज राजपूत अपने साथ पिस्टल लेकर आया था. वहां मौजूद शिवांशु को धमकाने के दौरान विवाद बढ़ गया और हथियार दिखाकर उसे डराने की कोशिश की गई.

Advertisement

कैफे में युवक पर तानी पिस्टल, पुलिस जवान को भी बनाया निशाना

घटना के दौरान मौके पर मौजूद सिविल ड्रेसधारी पुलिस जवान ने हस्तक्षेप कर विवाद रोकने की कोशिश की. आरोप है कि इसी दौरान राज राजपूत ने पुलिसकर्मी पर भी पिस्टल तान दी. इस घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. पुलिस जवान को हथियार दिखाने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया.

बताया जा रहा है कि कैफे में हुई इस पूरी वारदात की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं. फुटेज में आरोपी के पिस्टल के साथ दिखाई देने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब इस वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है.

देखें वीडियो...

दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR, तलाश में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पिपलानी थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच पहले विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के छात्र कैफे पहुंचे, जहां मारपीट हुई और एक युवक पर पिस्टल तानी गई. बीच-बचाव करने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी को भी निशाना बनाया गया.

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. घटना के बाद से पृथ्वीराज सिंह राजपूत और राज राजपूत फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Advertisement

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से मामले की जांच कर रही है. जांच में विवाद की वजह, दोनों पक्षों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »