बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग पर पुराने जमीनी विवाद को लेकर हवाई फायरिंग और मारपीट करने के आरोप लगे हैं. इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 14 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे राजनगर थाना क्षेत्र के कोंडा गांव में हुई. घायल मोतीलाल कुशवाहा का आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ गांव में मौजूद था. इसी दौरान शालिग्राम गर्ग अपने साथी सतीश, आशीष और एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे.
शालिग्राम गर्ग पर हवाई फायरिंग और मारपीट के आरोप
मोतीलाल का आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान तीन हवाई फायर भी किए गए. घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल बताए जा रहे हैं. पुलिस इन वीडियो की भी जांच कर रही है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है.
शालिग्राम गर्ग समेत चार लोगों पर FIR
पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर शालिग्राम गर्ग, सतीश, आशीष और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
लोकेश चौरसिया