आजकल प्यार जताने के लिए महंगे गिफ्ट, बड़ी-बड़ी डेट या किसी खास मौके का इंतजार करना जरूरी नहीं रह गया है. जेन जी के लिए कभी पार्टनर का फेवरेट गाना भेजना, बिना किसी वजह प्यारा-सा मैसेज करना या थकान होने पर उसकी पसंद की कॉफी ले आना भी प्यार जताने का तरीका है. इसी तरह के छोटे-छोटे जेस्चर को ‘माइक्रो रोमांस’ कहा जाता है. यह रिलेशनशिप का एक ऐसा ट्रेंड है, जिसमें बड़ी चीजों के बजाय रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों से पार्टनर को खास महसूस कराया जाता है.
क्या होता है माइक्रो रोमांस?
माइक्रो-रोमांस का मतलब है छोटे-छोटे कामों के जरिए पार्टनर को प्यार और अपनापन महसूस कराना. इसमें महंगे सरप्राइज या बड़ी प्लानिंग की जरूरत नहीं होती. बस छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना और बिना किसी खास मैके पर प्यार जताना ही काफी होता है.
उदाहरण के लिए, सुबह उठते ही पार्टनर को गुड मॉर्निंग मैसेज भेजना, उसके लिए छोटा-सा नोट लिखना या रस्ते में उसकी पसंद की चॉकलेट ले आना माइक्रो रोमांस का हिस्सा है. इन छोटी कोशिशों से पार्टनर को महसूस होता है कि कोई उसकी पसंद और जरूरतों का ध्यान रखता है.
जेन जी के बीच कैसे दिखता है माइक्रो-रोमांस?
आज की जेन जी अपनी डेली लाइफ की जिंदगी में कई छोटे तरीकों से प्यार जताना पसंद करती है. जैसे:
1. फेवरेट गाना भेजना: कभी-कभी कोई गाना सुनते हुए आपको अपने पार्टनर की याद आ जाती है. ऐसे में बिना किसी खास वजह के उसे वह गाना भेजना और बताना कि इसे सुनकर उसकी याद आई, प्यार जताने का एक प्यारा तरीका है.
2. छोटी-छोटी बातें याद रखना: पार्टनर को कौन-सी कॉफी पसंद है या उसे कौन-सा खाना अच्छा लगता है, इन छोटी बातों को याद रखना भी खास होता है. कभी अचानक उसकी पसंद की चीज लाकर उसे सरप्राइज देना उसे अच्छा महसूस करा सकता है.
3. बिना वजह मैसेज करना: जरूरी नहीं कि पार्टनर को मैसेज करने के लिए कोई खास काम हो. दिन के बीच में अचानक 'तुम याद आ रहे हो' या 'खाना खाया?' लिखना उसे ये महसूस करा सकता है कि आप उसके बारे में सोच रहे हैं.
4. छोटे नोट्स लिखना: पार्टनर के बैग में एक प्यारा-सा नोट रखना या उसकी डेस्क पर कोई छोटा मैसेज छोड़ना उसे सरप्राइज कर सकता है. जब वो अचानक उस नोट को पढ़ेगा, तो उसके चेहरे पर मुस्कान आ सकती है.
यह भी पढ़ें: Gen Z ने निकाला सोशल मीडिया डिटॉक्स का तरीका... ऐसे बना रहे फोन से दूरी!
5. साथ में वक्त बिताना: प्यार जताने के लिए हमेशा महंगी डेट या बाहर घूमने का प्लान बनाना जरूरी नहीं है. साथ में टहलना, पसंदीदा शो देखना या घर पर खाना बनाना भी एक-दूसरे के साथ अच्छा वक्त बिताने का तरीका है.
क्यों पसंद आ रहा है जेन जी को यह तरीका?
जेन जी के लिए रिलेशनशिप में सिर्फ बड़े वादे करना ही काफी नहीं है. वे रोजमर्रा की जिंदगी में भी प्यार, ध्यान और एक-दूसरे की परवाह महसूस करना चाहते हैं. माइक्रो रोमांस इसी सोच को दिखाता है. ये बताता है कि प्यार जताने के लिए हमेशा किसी खास दिन या महंगे गिफ्ट की जरूरत नहीं होती. कई बार एक छोटा-सा मैसेज या बिना कहे किया गया काम भी किसी का दिन बेहतर बना सकता है.
aajtak.in