आजकल जेन जी की डेटिंग और सोशल लाइफ में कई नए शब्द सुनने को मिल रहे हैं. कभी घोस्टिंग तो कभी सिच्युएशनशिप. लेकिन क्या आपने कभी किसी को देखकर सोचा है कि काश, ये मेरा दोस्त होता? उसका ड्रेसिंग सेंस, म्यूजिक टेस्ट, ह्यूमर या बात करने का तरीका आपको इतना पसंद आता है कि आप उससे दोस्ती करना चाहते हैं. हालांकि, आपका उसके साथ डेट पर जाने या रिलेशनशिप में आने का कोई इरादा नहीं होता. इसी फीलिंग को ‘फ्रेंड क्रश’ कहा जाता है.
क्या होता है फ्रेंड क्रश?
फ्रेंड क्रश का मतलब है कि किसी व्यक्ति के साथ दोस्ती करने की बहुत ज्यादा इच्छा होना. ये रोमाटिक क्रश से अलग है. इसमें आप किसी को पसंद तो करते हैं, लेकिन प्यार के लिए नहीं, बल्कि एक अच्छे फ्रेंड के रूप में उसे अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहते है.
जेन जी के बीच ये फीलिंग कॉलेज, ऑफिस, कॉन्सर्ट, कैफे और सोशल मीडिया पर भी देखने को मिल सकती है. जैसे किसी की इंस्टाग्राम स्टोरी देखकर आपको उसका म्यूजिक टेस्ट पसंद आ जाए या किसी पार्टी में किसी का ह्यूमर देखकर लगे कि इसके साथ तो अच्छी दोस्ती हो सकती है.
कैसे पहचानें कि आपको फ्रेंड क्रश है?
अगर आपको किसी पर फ्रेंड क्रश है, तो आप कुछ बातें महसूस कर सकते हैं:
- आप उसकी इंस्टाग्राम स्टोरी और पोस्ट देखना पसंद करते हैं: आप सोशल मीडिया पर उसकी एक्टिविटी पर ध्यान देने लगते हैं. उसकी नई पोस्ट या स्टोरी देखकर आपको अच्छा लगता है और आप जानना चाहते हैं कि उसकी जिंदगी में क्या चल रहा है.
- आपको उसके साथ म्यूजिक, फिल्मों और फेवरेट चीजों पर बात करने का मन करता है: आपको लगता है कि शायद आप दोनों की पसंद मिलती-जुलती है. आप चाहते हैं कि कभी उससे बैठकर अपने फेवरेट गानों, फिल्मों और बाकी चीजों पर लंबी बातचीत हो.
यह भी पढ़ें: "Gen Z को भाएंगे भारत के ये पारंपरिक डांस, आप भी करें ट्राई
- आप चाहते हैं कि वो आपको भी नोटिस करे और बातचीत शुरू हो: आप चाहते हैं कि वो भी आपको पहचाने और आपसे बात करने में इंटरेस्ट दिखाए. कई बार आप खुद भी उससे बात शुरू करने का मौका ढूंढते हैं, लेकिन समझ नहीं आता कि शुरुआत कैसे करें.
- आपको लगता है कि आप दोनों की पसंद और सोच काफी मिलती-जुलती है: उसकी बातें, ह्यूमर और सोच आपको अपनी जैसी लगती हैं. आपको महसूस होता है कि अगर आप दोनों की दोस्ती हुई, तो एक-दूसरे के साथ काफी अच्छा वक्त बिता सकते हैं.
- आप उसके साथ घूमने और ग्रुप प्लान बनाने की करते हैं: आप सोचते हैं कि अगर वह आपके फ्रेंड ग्रुप का हिस्सा बन जाए, तो साथ में कैफे जाना, फिल्म देखना या वीकेंड प्लान बनाना कितना मजेदार होगा.
जेन जी के बीच क्यों पॉपुलर हो रहा है यह कॉन्सेप्ट?
सोशल मीडिया के दौर में जेन जी रोज नए लोगों को देखते और उनसे जुड़ते हैं. लेकिन हर कनेक्शन का मतलब डेटिंग नहीं होता. कई युवा ऐसे दोस्त चाहते हैं जिनके साथ वे अपनी पसंद, हॉबी और जिंदगी की छोटी-बड़ी बातें शेयर कर सकें.
फ्रेंड क्रश इसी बात को एक नाम देता है. ये याद दिलाता है कि किसी को पसंद करने के लिए हमेशा रोमांटिक रिश्ता जरूरी नहीं है. कभी-कभी आप बस किसी के साथ अच्छे दोस्त बनना चाहते हैं.
aajtak.in