अक्टूबर की बारिश में घर की बालकनी में फटाफट लगाएं ये 5 सर्दियों की सब्जियां! बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत, कुछ हफ्तों में होगी तैयार

Vegetables To Grow In October: अक्टूबर की ठंडक और बारिश के मौसम में घर की बालकनी या गमले में आसानी से फूलगोभी, पालक, मूली, मेथी और बथुआ जैसी 5 सर्दियों की सब्जियां उगाई जा सकती हैं.

Advertisement
अक्टूबर में आप गोभी से लेकर बथुआ तक आसानी से उगा सकते हैं. (Photo: ITG) अक्टूबर में आप गोभी से लेकर बथुआ तक आसानी से उगा सकते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:55 PM IST

अक्टूबर के महीने में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है और मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है. अगर आप घर में सर्दियों के लिए सब्जियां उगाने का मन बना रहे हैं, तो ये सही मौका हो सकता है. इस मौसम में कई ऐसी सब्जियां लगाई जा सकती हैं, जो सर्दियों में आपके खाने का स्वाद बढ़ा देंगी. खास बात ये है कि इन्हें उगाने के लिए बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. आप छत, बालकनी या आंगन में रखे गमलों में भी इन्हें आसानी से उगा सकते हैं.
अगर आप भी चाहते हैं कि सर्दियों में बार-बार बाजार से साग-सब्जियां न खरीदनी पड़ें, तो अक्टूबर में ही अपने घर में इन 5 सब्जियों को जगह दे दें. इनमें कुछ सब्जियां तो इतनी जल्दी तैयार हो जाती हैं कि कुछ ही हफ्तों में आप उनकी पत्तियां तोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं.  

Advertisement

1. फूलगोभी:  जब भी सर्दियों की सब्जियों की बात आती है, तो फूलगोभी का नाम सबसे पहले आता है. इसे अक्टूबर में घर में लगा सकते हैं. इसके पौधे को अच्छी धूप और खाद वाली मिट्टी की जरूरत होती है. आप इसे घर के गमले या क्यारी में भी उगा सकते हैं. मौसम के हिसाब से करीब 60 से 80 दिनों में फूलगोभी तैयार हो जाती है. जब फूल अच्छी तरह बड़ा हो जाए, तो उसे काटकर सब्जी बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं. ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो और मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे.

2. पालक:  अगर आप ऐसी सब्जी उगाना चाहते हैं, जिसका इस्तेमाल जल्दी शुरू किया जा सके, तो पालक अच्छा ऑप्शन है. अक्टूबर में पालक के बीज सीधे गमले या क्यारी में बोए जा सकते हैं. सही मौसम और देखभाल मिलने पर ये करीब 25 से 30 दिनों में तैयार हो जाता है. इसकी ताजी पत्तियों से साग, दाल, पराठे और कई दूसरी डिश बनाई जा सकती हैं. पालक उगाने के लिए बहुत बड़े गमले की जरूरत नहीं होती, लेकिन मिट्टी भुरभुरी होनी चाहिए और पौधों को पर्याप्त रोशनी मिलनी चाहिए.

Advertisement

3. मूली: सर्दियों में मूली के पराठे, सलाद और अचार का स्वाद बहुत ही अच्छा लगता है. इसे घर पर उगाना भी ज्यादा मुश्किल नहीं है. अक्टूबर में मूली के बीज सीधे मिट्टी में बोए जाते हैं, क्योंकि इसकी जड़ जमीन के अंदर होती है. अनुकूल मौसम में करीब 35 से 40 दिनों में छोटी-छोटी मूली तैयार हो सकती है, हालांकि कुछ किस्मों को इससे ज्यादा समय भी लगता है. इसके लिए ऐसा गमला चुनें, जिसमें जड़ को नीचे की ओर बढ़ने के लिए अच्छी जगह मिले. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें.

4. मेथी:  मेथी उन लोगों के लिए बढ़िया ऑप्शन है, जो कम जगह में हरी सब्जियां उगाना चाहते हैं. इसके बीज गमले, ग्रो बैग या किसी चौड़े कंटेनर में आसानी से बोए जा सकते हैं. अनुकूल मौसम में करीब 20 से 25 दिनों में इसकी पत्तियां काटने के लिए तैयार हो जाती हैं. मेथी की ताजी पत्तियों से पराठे, सब्जी और दाल का स्वाद बढ़ाया जा सकता है. सही देखभाल से लंबे समय तक हरी पत्तियां मिल सकती हैं. बस ध्यान रखें कि पौधों को अच्छी धूप मिले और मिट्टी पूरी तरह सूखने न पाए.

5. बथुआ: सर्दियों में बथुए का साग खाने का मौका मिले, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. बथुआ ठंड के मौसम में उगने वाली पौष्टिक हरी सब्जी है. इसे घर की क्यारी या गमले में उगाया जा सकता है. इसके बीज बोने के बाद मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें और पौधों को बढ़ने के लिए अच्छी जगह दें. मौसम और देखभाल के हिसाब से इसकी पत्तियां कुछ हफ्तों में इस्तेमाल करने लायक हो सकती हैं. बथुए के ताजे पत्तों से साग, रायता और पराठे बनाए जा सकते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »