Nita Ambani Garba: देश के सबसे बड़े बिजनसमैन में शामिल मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी हमेशा ही भारतीय संस्कृति और कला को प्रमोट करती नजर आती हैं. अपने ब्रांड 'स्वदेश' की पहली सालगिरह के मौके पर आयोजित 'देवी शक्ति' इवेंट में वो काफी पारंपरिक अंदाज में नजर आईं. 'स्वदेश' की पहली सालगिरह और नवरात्रि का जश्न पूरे अंबानी परिवार ने एक-साथ मनाया जिसमें कई दिग्गज हस्तियां भी शामिल हुईं.
इस मौके पर नीता 'जय मां अष्ट भवानी' भजन पर पूरे भक्ति भाव के साथ खूब गरबा भी करती नजर आईं. उनके साथ बेटी ईशा, बड़ी बहू श्लोका की मां मोना मेहता, एक्टर रणवीर सिंह समेत कई लोगों ने भी गरबा किया.
बनारसी साड़ी में सजीं नीता अंबानी
नीता अंबानी ने इस खास कार्यक्रम में स्वदेश की टीम और देश के पारंपरिक शिल्पकारों के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना की. उन्होंने भारतीय कला, संस्कृति, लग्जरी को अपनी पारंपरिक बनारसी स्टाइल साड़ी और जूलरी में बड़ी खूबसूरती के साथ पेश किया. डार्क वाइन-रेड रंग की साड़ी, एंटीक गोल्ड की कारीगरी और क्लासिक ज्वेलरी उनके लुक को महारानी वाली फील दे रहे थे.
पल्लू को इस अंदाज में किया स्टाइल
नीता अंबानी ने इस बनारसी साड़ी को क्लासिक अंदाज में पहना, जिसमें पल्लू को बीच से कंधे तक कैरी किया था. इस साड़ी पर सुनहरी जरी का बारीक काम किया गया था जिस पर हाथी बनें नजर आ रहे थे. साड़ी के साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज जिसके साथ वेलवेट की जैकेट थी जो उनके लुक को बेहद खूबसूरत बना रही थी. ॉ
चमकता हीरों जड़ा वाइन सेट दिखा बेहद खास
अपने लुक को और खास बनाने के लिए नीता अंबानी ने वाइन कलर के मोतियों से सजा हैवी नेकलेस पहना जिसमें बीच-बीच में डायमंड्स और सफेद मोती भी लगे थे. इसके साथ उन्होंने मैचिंग कंगन और ट्रांसपेरेंट ईयररिंग्स पहने थे.
सादगी में भी दिखीं बेहद खूबसूरत
बालों में सजे गजरे ने नीता अंबानी के पारंपरिक अंदाज को और निखार दिया. मेकअप में उन्होंने आईलाइनर, डार्क आईब्रो और हल्के रंग की लिपस्टिक चुनी. अपने लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने एक छोटी बिंदी लगाई थी जिसमें वो बेहद खूबसूरत दिख रही थीं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क