मानसून के मौसम में नमी और उमस के कारण बालों की समस्याएं बढ़ जाती हैं. इस दौरान डैंड्रफ, सिर की खुजली और बाल झड़ने की समस्या आम हो जाती है. ऐसे में लोग बालों की सेहत को सही रखने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं. हाल ही में हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने एक आसान घरेलू नुस्खा शेयर किया है.
हबीब का दावा है कि अगर आप अपने रेगुलर शैम्पू में एक चम्मच वाइट विनेगर (सफेद सिरका) मिलाकर बालों को धोते हैं तो डैंड्रफ, खुजली और हेयरफॉल से छुटकारा मिल सकता है. उन्होंने इसे हफ्ते में सिर्फ 1 बार इस्तेमाल करने की सलाह दी है. उनके इस दावे पर रिसर्च क्या कहती हैं, इस बारे में जान लीजिए.
रिसर्च और एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
जावेद हबीब का यह नुस्खा आसान लगता है. हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स और स्किन केयर रिसर्च एक्सपर्ट इसे अपनाते समय सावधानी रखने की सलाह देते हैं. कई रिसर्च के अनुसार, वाइट विनेगर में एसिडिक गुण होते हैं जो स्कैल्प के pH लेवल को बैलेंस करने में मदद कर सकते हैं.
हेल्थलाइन के अनुसार, हालांकि कुछ लोग दावा करते हैं कि विनेगर डैंड्रफ कम करता है और फंगल ग्रोथ को रोकता है लेकिन इसे लेकर बहुत मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं. असल में विनेगर का ज्यादा या गलत तरीके से इस्तेमाल स्कैल्प को नुकसान भी पहुंचा सकता है. वहीं मेडिकल न्यूज टुडे के मुताबिक, विनेगर के pH-कम करने वाले प्रभाव केवल थोड़े समय के लिए होते हैं.
नुस्खा आजमाते समय रखें ये सावधानियां
अगर आप इस नुस्खे को ट्राई करना चाहते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है ताकि आपको इसके फायदे की जगह नुकसान न हो जाएं.
डाइल्यूशन है जरूरी: सीधे विनेगर का इस्तेमाल कभी न करें. एक्सपर्ट्स हमेशा इसे पानी या शैम्पू में अच्छी तरह डाइल्यूट करने की सलाह देते हैं ताकि यह स्कैल्प पर जलन न पैदा करे.
पैच टेस्ट: किसी भी नई चीज को सिर पर लगाने से पहले कान के पीछे एक छोटा सा पैच टेस्ट जरूर करें.
ओवर-यूसेज से बचें: विनेगर का बहुत ज्यादा इस्तेमाल स्कैल्प के नेचुरल ऑयल्स को पूरी तरह खत्म कर सकता है, जिससे बाल ड्राई और ब्रिटल (कमजोर) हो सकते हैं.
सेंसिटिविटी: अगर आपके स्कैल्प पर कोई घाव है या स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो विनेगर का इस्तेमाल न करें. यह जलन और रेडनेस पैदा कर सकता है.
यह समझना जरूरी है कि बाल झड़ने के कई कारण हो सकते हैं जैसे डाइट, स्ट्रेस और हार्मोनल बदलाव. कोई भी घरेलू नुस्खा एक सप्लीमेंट हो सकता है लेकिन किसी बड़ी समस्या के लिए प्रोफेशनल डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना ही सबसे सही सॉल्यूशन है.
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य जानकारी और एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित है. इसे किसी भी तरह की मेडिकल सलाह या इलाज का विकल्प न समझें.)
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क