दूध उबालने के बाद ऊपर जमी मलाई को अक्सर लोग इक्ट्ठा करते रहते हैं. जब इक्ट्ठा करने के कुछ दिन बाद अच्छी क्वांटिटी में मलाई जमा हो जाती है तो उससे दानेदार देसी घी निकाल लिया जाता है. इसके साथ ही बहुत से लोग मलाई का इस्तेमाल खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए भी करते हैं. क्या आप भी मलाई को बस इन्हीं दो तरीकों से यूज करते हैं? अगर हां, तो आप उसके कई शानदार इस्तेमालों से अनजान हैं. क्या आप जानते हैं कि मलाई को कुछ दूसरे घरेलू कामों में भी आजमाया जाता है?
पुराने समय में लोग मलाई का इस्तेमाल स्किन को मुलायम बनाने से लेकर चमड़े की कुछ चीजों की देखभाल तक के लिए करते थे. हालांकि, हर नुस्खा हर चीज पर कारगर हो, ये जरूरी नहीं है. इसलिए मलाई का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए. अगर आपके घर में रोजाना दूध से मलाई निकलती है, तो खाने और घी से अलग इसके कुछ इस्तेमाल जान लीजिए. चलिए जानते हैं आप घर में मलाई का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं.
1. हाथों की ड्राई स्किन के लिए करें इस्तेमाल: ठंड के मौसम में या बार-बार साबुन से हाथ धोने के कारण स्किन ड्राई महसूस हो सकती है. कुछ लोग हाथों पर मलाई लगाकर स्किन को मुलायम बनाने की कोशिश करते हैं. हालांकि, इसका असर हर व्यक्ति की स्किन पर एक जैसा नहीं होता. अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको मुंहासे और स्किन संबंधी परेशानी रहती है, तो इसे लगाने से बचें.
2. घर पर बनाएं मलाई से फुट पैक: अगर पैरों की एड़ियां रूखी हैं, तो मलाई को घरेलू फुट पैक की तरह भी खूब इस्तेमाल किया जाता है. इसे थोड़े समय के लिए पैरों की स्किन पर लगाकर फिर धोया जा सकता है. लेकिन फटी एड़ियों, घाव या खुजली वाली जगह पर इसे न लगाएं.
3. चेहरे की त्वचा को मुलायम बनाने के लिए: पुराने घरेलू नुस्खों में मलाई को चेहरे पर लगाना बहुत मशहूर रहा है. कुछ लोग इसे स्किन को मुलायम महसूस कराने के लिए इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, ये हर किसी की स्किन के लिए सही नहीं होती. ऑयली या मुंहासे वाली स्किन पर मलाई लगाने से परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए इसे चेहरे पर लगाने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए.
4. रूखे बालों के लिए करें इस्तेमाल: बालों की लंबाई रूखी महसूस होने पर कुछ लोग मलाई को घरेलू हेयर पैक की तरह आजमाते हैं. अगर आप इसे आजमाते हैं, तो स्कैल्प पर लगाने के बजाय बालों की लंबाई पर थोड़ी मात्रा लगाएं और बाद में शैंपू से अच्छी तरह धो लें.
5. हाथों और पैरों की मालिश के लिए: घर पर हाथों और पैरों की देखभाल करते समय मलाई को पुराने समय से मालिश के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. इसकी चिकनाहट के कारण स्किन पर इसे फैलाना आसान होता है.
इन चीजों में इस्तेमाल करने से बचें
1. चमड़े की चीजों पर लगाने से बचें: कुछ घरेलू नुस्खों में मलाई को चमड़े के जूते, बैग या फर्नीचर पर लगाने की सलाह दी जाती है. लेकिन ऐसा करना सही नहीं है. मलाई में मौजूद फैट और नमी से चमड़े पर चिकनाई, बदबू या दाग रह सकते हैं.
2. लकड़ी के फर्नीचर की सफाई में न लगाएं: कई बार घरेलू नुस्खों में मलाई को लकड़ी के फर्नीचर पर लगाने की बात कही जाती है, लेकिन इससे बचना चाहिए. मलाई लकड़ी की सतह पर चिकनी परत छोड़ सकती है और समय के साथ उसमें बदबू भी आ सकती है. लकड़ी की मेज, कुर्सी और अलमारी को साफ करने के लिए मुलायम सूखे कपड़े या फर्नीचर क्लीनर का इस्तेमाल करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क