अंडा हमारी सेहत के लिए कितना फायदेमंद है, यह तो हम सभी जानते हैं. रोज सुबह ब्रेकफास्ट में उबले अंडे या ऑमलेट बनाने के बाद हम अक्सर इसके छिलकों को बेकार समझकर कचरे के डिब्बे में फेंक देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अंडे के छिलके में 90% से भी ज्यादा कैल्शियम कार्बोनेट और कई तरह के मिनरल्स पाए जाते हैं.
यह कैल्शियम न केवल आपके घर के पेड़-पौधों के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं है, बल्कि घरेलू सफाई और रसोई के कई कामों को भी चुटकियों में आसान बना सकता है. अगली बार अंडे बनाने के बाद इसके छिलकों को फेंकने की गलती बिल्कुल न करें. आइए जानते हैं अंडे के छिलकों को इस्तेमाल करने के 5 सबसे असरदार और काम के तरीके.
अंडे के छिलकों के इस्तेमाल के 5 बेहतरीन तरीके
पौधों के लिए कैल्शियम रिच खाद: अंडे के छिलकों को धोकर धूप में सुखा लें और मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें. इस पाउडर को अपने घर के पौधों (खासकर टमाटर, मिर्च, गुलाब और मनी प्लांट) की मिट्टी में मिलाएं. यह मिट्टी में कैल्शियम की कमी को दूर करता है और पौधों को तेजी से हरा-भरा बनाता है.
मिक्सर ग्राइंडर के ब्लेड तेज करें: अगर आपके मिक्सी जार के ब्लेड की धार कम हो गई है, तो अंडे के सूखे छिलकों को जार में डालें और थोड़ा सा पानी मिलाकर 1-2 मिनट के लिए मिक्सी चला दें. छिलकों की रगड़ से मिक्सी के ब्लेड फिर से एक दम पैने और नए जैसे हो जाएंगे.
जले और जिद्दी बर्तनों की सफाई: कड़ाही या पैन में जले हुए या चिकनाई के जिद्दी दाग लग गए हों, तो अंडे के छिलकों को दरदरा कूट लें. इसमें थोड़ा सा बर्तन धोने वाला लिक्विड या साबुन मिलाकर स्क्रब की तरह इस्तेमाल करें. बर्तन बिना किसी खरोंच के चमक उठेंगे.
नेचुरल पेस्ट कंट्रोल बनाएं: अगर आपके गमलों या बगीचे में घोंघे, स्लग या छोटे कीड़े-मकौड़े पौधों की पत्तियां खा जाते हैं, तो पौधों के तने के चारों ओर अंडे के छिलकों को टुकड़ों में तोड़कर बिछा दें. इनकी नुकीली सतह के कारण कीड़े पौधों तक नहीं पहुंच पाते.
सीडलिंग ट्रे के रूप में करें यूज: अंडे के छिलकों को ऊपर से थोड़ा सा तोड़कर अंदर मिट्टी भरें और उसमें छोटे बीज (जैसे धनिया, मिर्च या टमाटर) बो दें. जब छोटे पौधे निकल आएं, तो छिलके समेत ही उन्हें गमले की मिट्टी में दबा दें. छिलका मिट्टी में गलकर पौधे को पोषण देगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क