जैसे ही मौसम में नमी और उमस बढ़ती है, उसका असर सिर्फ बाहर के मौसम में ही नहीं बल्कि घर के अंदर भी महसूस होने लगता है. कई बार घर में घुसते ही चिपचिपाहट का एहसास होता है, कमरे में घुटन महसूस होने लगने लगती है. इसके साथ ही दीवारों और अलमारियों से सीलन जैसी बदबू आने लगती है. इतना ही नहीं, खिड़कियों के शीशों पर पानी की बूंदें जमना और कोनों में नमी दिखाई देना भी बढ़ती हुई नमी के संकेत हो सकते हैं.
अक्सर लोग सीलन की बदबू और फंफूदी से परेशान तो होते हैं, लेकिन इन समस्याओं का हल नहीं ढूंढ पाते हैं. अगर आप भी इस समस्या को लंबे समय से नजरअंदाज कर रहे हैं तो बता दें कि ये न सिर्फ दीवारों, फर्नीचर और पेंट को नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि आपको बीमार भी कर सकते हैं. हालांकि, इनसे घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और असरदार उपायों को अपनाकर आप घर की नमी को कम कर सकते हैं, सीलन की बदबू से छुटकारा पा सकते हैं.
1. घर में डिह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें: अगर घर में नमी ज्यादा रहती है, तो डिह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. ये मशीन हवा में मौजूद एक्स्ट्रा नमी को सोख लेती है, जिससे कमरा ज्यादा ठंडा और रिलैक्सिंग महसूस होता है. आप पूरे घर के लिए सिस्टम लगवा सकते हैं या जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कमरों में छोटा डिह्यूमिडिफायर इस्तेमाल कर सकते हैं.
2. नमी सोखने वाली चीजों का सहारा लें: अगर आपके पास डिह्यूमिडिफायर नहीं है, तो कुछ घरेलू चीजें भी मदद कर सकती हैं. बेकिंग सोडा, सेंधा नमक या चारकोल हवा की नमी को सोखने में मदद करते हैं. इन्हें किसी खुले बर्तन में भरकर बाथरूम, स्टोर रूम या किचन कैबिनेट जैसी जगहों पर रखा जा सकता है.
3. सीलन की बदबू दूर करने के लिए करें डैंपरिड का इस्तेमाल: बाजार में मिलने वाले नमी सोखने वाले बैग या पैकेट छोटी और बंद जगहों के लिए काफी फायदेमंद होते हैं. इन्हें अलमारी, बाथरूम या स्टोर रूम में टांगने से एक्स्ट्रा नमी कम होती है और बदबू भी दूर रहती है.
4. AC को सही तरीके से चलाएं: AC सिर्फ कमरे को ठंडा ही नहीं करता, बल्कि हवा की नमी भी कम करता है. इसलिए उमस वाले दिनों में एसी चलाने से घर में नमी कम होती है. अगर आप चाहते हैं कि आपको रिजल्ट बढ़िया मिलें तो एसी का एयर फिल्टर समय-समय पर साफ करते रहें.
5. घर के अंदर गर्मी बढ़ाने वाली चीजें कम करें: लंबे समय तक गर्म पानी से नहाना, बार-बार ओवन चलाना या ड्रायर का ज्यादा इस्तेमाल करने से घर में नमी बढ़ सकती है. कोशिश करें कि ठंडे या गुनगुने पानी से नहाएं और जहां संभव हो कपड़ों को बाहर सुखाएं.
6. एग्जॉस्ट और वेंटिलेशन फैन जरूर चलाएं: खाना बनाते समय और नहाने के बाद रसोई और बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन जरूर चलाएं. इससे भाप और नमी बाहर निकल जाती है और घर के अंदर उमस कम होती है.
7. जरूरत पड़ने पर पौधों को बाहर रखें: घर के अंदर रखे पौधे भी हवा में थोड़ी नमी छोड़ते हैं. अगर घर में पहले से ही बहुत ज्यादा उमस है, तो कुछ दिनों के लिए पौधों को बालकनी या बरामदे में रखा जा सकता है.
8. घर में वेंटिलेशन बढ़ाएं: कई बार थोड़ी देर के लिए खिड़कियां खोलने से भी हवा का फ्लो बढ़ता है और नमी कम होने लगती है. खासकर बाथरूम और रसोई जैसी जगहों में वेंटिलेशन का अच्छा होना बहुत जरूरी है.
9. दरारों और गैप्स को बंद करें: अगर उमस ज्यादा है, तो घर के दरवाजों और खिड़कियों के आसपास मौजूद छोटे-छोटे गैप्स को सील कर दें. इससे बाहर की नम हवा घर के अंदर कम आएगी.
10. गटर और पानी निकासी की सफाई करें: घर की छत और गटर में जमा गंदगी पानी को रोक सकती है, जिससे रिसाव और नमी की समस्या बढ़ जाती है. समय-समय पर गटर साफ करना इस परेशानी से बचा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क