How To Organize Wardrobe: घर की अलमारी खोलते ही अगर कपड़ों का ढेर नजर आता है और जरूरत के समय पसंद का कपड़ा ढूंढने में कई मिनट लग जाते हैं, तो सिर्फ ज्यादा कपड़े होना इसकी वजह नहीं है. कई बार अलमारी में कपड़ों को सही तरीके से रखने का तरीका ही गलत होता है. एक के ऊपर एक कपड़े रखने से जगह जल्दी भर जाती है और कुछ ही दिनों में पूरी अलमारी दोबारा बिखर जाती है.
सर्दियों में स्वेटर, जैकेट और गर्म कपड़ों की वजह से अलमारी में जगह और कम पड़ने लगती है. वहीं गर्मियों में टी-शर्ट, कुर्तियां, जींस और दूसरे हल्के कपड़े ज्यादा जगह घेर लेते हैं. ऐसे में थोड़ी सी प्लानिंग के साथ कपड़ों को अलग-अलग हिस्सों में रखना काफी मददगार हो सकता है. आपको बस अपने कपड़े सेट करने का तरीका बदलना होगा, इन कुछ स्मार्ट तरीकों को फॉलो करके आप अपनी छोटी अलमारी भी सारे कपड़ों को आसानी से रख पाएंगे.
सबसे पहले अलमारी खाली करें
अलमारी को व्यवस्थित करने से पहले उसमें रखे सभी कपड़े बाहर निकाल लें. इससे आपको पता चलेगा कि आपके पास कितने कपड़े हैं और किन चीजों की वास्तव में जरूरत है. जो कपड़े लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए हैं या अब पहनने लायक नहीं हैं, उन्हें अलग कर दें. इससे बिना किसी अतिरिक्त सामान के अलमारी में काफी जगह बन जाएगी.
मौसम के हिसाब से कपड़े रखें
अलमारी में हर मौसम के कपड़े एक साथ रखने से जगह जल्दी भर जाती है. गर्मियों में भारी स्वेटर और जैकेट को अलग करके रखें, जबकि सर्दियों में रोज इस्तेमाल न होने वाले हल्के कपड़ों को ऊपर या किसी दूसरे हिस्से में रखा जा सकता है. इससे रोज पहनने वाले कपड़े आसानी से हाथ में मिल जाएंगे.
रोज के कपड़े सबसे आसान जगह पर रखें
जिन कपड़ों को आप अक्सर पहनते हैं, उन्हें अलमारी की ऐसी जगह रखें जहां हाथ आसानी से पहुंच सके. रोज पहनने वाली कुर्तियां, टी-शर्ट, जींस या ऑफिस के कपड़े सामने रखने से हर सुबह कपड़े ढूंढने में समय नहीं लगेगा. कम इस्तेमाल होने वाले कपड़ों को ऊपर या पीछे की जगह में रखा जा सकता है.
कपड़ों को जरूरत के हिसाब से अलग करें
सारे कपड़ों को एक ही ढेर में रखने के बजाय उनकी अलग-अलग कैटेगरी बना लें. जैसे कुर्तियां, जींस, टी-शर्ट, ऑफिस वियर, पार्टी वियर और घर में पहनने वाले कपड़े. छोटे हिस्सों में बांटकर रखने से अलमारी में कोई भी सामान ढूंढना बहुत आसान हो जाता है.
कपड़ों को सही तरीके से मोड़ें
कपड़ों को बहुत ज्यादा ठूंसकर रखने से वे जल्दी बिगड़ जाते हैं. टी-शर्ट, टॉप और हल्के कपड़ों को एक जैसा मोड़कर रखें. इन्हें जरूरत के अनुसार खड़ा करके रखने से कई कपड़े एक साथ नजर आते हैं और नीचे रखा कपड़ा निकालने के लिए पूरा ढेर नहीं बिगाड़ना पड़ता.
भारी कपड़ों के लिए अलग जगह बनाएं
स्वेटर, जैकेट और मोटे शॉल जैसे कपड़े ज्यादा जगह लेते हैं. इसलिए इन्हें बाकी हल्के कपड़ों के साथ रखने के बजाय अलग हिस्से में रखें. ऑफ सीजन में इन्हें साफ करके कपड़े के बैग या स्टोरेज बॉक्स में रखना चाहिए. इससे रोज इस्तेमाल होने वाले कपड़ों के लिए जगह बची रहती है और अलमारी में साफ-सुथरी दिखती है.
हैंगर का इस्तेमाल सोच-समझकर करें
हर कपड़े को हैंगर पर टांगना जरूरी नहीं है. शर्ट, ब्लेजर, साड़ी या ऐसे कपड़े जिनमें सिलवट जल्दी पड़ती है, उन्हें हैंगर पर रखें. टी-शर्ट, लेगिंग और हल्के घर के कपड़ों को मोड़कर रखने से हैंगर की जगह बचाई जा सकती है.
अलमारी को फिर से बिखरने से बचाएं
अलमारी को एक बार व्यवस्थित करने के बाद उसे दोबारा बिखरने से बचाना ज्यादा जरूरी है. कपड़ा निकालने के बाद उसे सही जगह पर रखें और नए कपड़े खरीदने से पहले देखें कि अलमारी में उसकी जरूरत और जगह है या नहीं. हर कुछ हफ्तों में एक बार अलमारी की छोटी सी छंटाई कर लें. इससे कपड़ों का ढेर जमा नहीं होगा और जरूरत के समय आपकी पसंद का कपड़ा कुछ ही सेकंड में मिल जाएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क