न तंदूर, न ओवन, इस ट्रिक से गैस पर बनाएं होटल जैसा तंदूरी चिकन, खाकर उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान!
नॉनवेज खाने वालों को तंदूरी चिकन खाने के लिए होटल जाना पड़ता है, लेकिन अब अपने घर पर ही बिना तंदुर और ओवन के ही गैस पर आसानी से तंदूरी चिकन बना सकते हैं. सिर्फ 30 मिनट में जूसी चिकन तंदूरी बनाने की रेसिपी आप इस आर्टिकल में जानें.
Gas Chicken Tandoori Recipe: बटर चिकन से ज्यादा तंदूरी चिकन लोगों को बहुत पसंद आता है, मगर इसे खाने के लिए रेस्टोरेंट जाना पड़ता है. क्योंकि इसे घर पर बनाने के लिए तंदूर की जरूरत पड़ती है. अगर आपके घर में तंदूर या ओवन नहीं है, तो भी आप होटल जैसा जूसी और स्मोकी चिकन तंदूरी आसानी से बना सकते हैं.
सिर्फ गैस पर कड़ाही या पैन की मदद से आप महज 30 मिनट में तैयार होने वाली यह रेसिपी बाहर वाले तंदूरी चिकन को भी टक्कर देगी. मसालों का बेहतरीन स्वाद और अंदर तक नरम, रसीला चिकन हर किसी को पसंद आएगा. जब आप इसे घर पर बनाएंगे तो घरवाले से इसे चट कर जाएंगे और मेहमान तो खुद को आपसे इसकी सीक्रेट रेसिपी पूछने से रोक नहीं पाएंगे.
सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह धोकर उस पर हल्के-हल्के कट लगा दें ताकि मसाला अंदर तक पहुंच सके.
फिर एक बड़े बाउल में दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया, जीरा, गरम मसाला, तंदूरी मसाला, नमक, नींबू का रस और सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें.
इस मैरिनेट में चिकन डालकर अच्छी तरह कोट करें. अगर समय हो तो 30 मिनट से 2 घंटे तक मैरिनेट करें. जल्दी हो तो 15 मिनट भी मैरिनेट करना काफी हैं.
एक मोटे तले की कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें, फिर चिकन के टुकड़ों को मिडियम आंच पर ढककर 10 से 12 मिनट पकाएं.
फिर पलटकर दूसरी तरफ भी 10 से 12 मिनट पकाएं. आखिर में ढक्कन हटाकर तेज आंच पर 2 से 3 मिनट दोनों तरफ से हल्का भुना होने तक सेंक लें.
इस तरीके से परोसे चिकन तंदूरी
गरमागरम चिकन तंदूरी को प्याज के छल्ले, नींबू के टुकड़े, हरी चटनी और सलाद के साथ सर्व करें. इनके साथ चिकन तंदूरी का स्वाद दोगुना हो जाता है और इसके अलावा आप इसे नान के साथ खा सकते हैं.
Advertisement
परफेक्ट जूसी तंदूरी चिकन के टिप्स
चिकन पर कट लगाना न भूलें, इससे मसाला अच्छी तरह अंदर तक जाता है.
दही गाढ़ा होना चाहिए, ताकि मसाला चिकन पर अच्छी तरह चिपके.
चिकन को तेज आंच पर ज्यादा देर न पकाएं, वरना वह सूख सकता है.
आखिर में मक्खन लगाने से स्वाद और जूसीनेस दोनों बढ़ जाते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क