Rajasthani Chana Dal Pyaz Recipe: रोज की दाल-सब्जी से हैं बोर? बनाएं राजस्थानी चना दाल प्याज, स्वाद आएगा एकदम देसी
राजस्थानी चना दाल प्याज की सब्जी स्वाद में बेहद देसी और बनाने में आसान है. इसमें चना दाल और प्याज को मसालों के साथ पकाया जाता है. बिना टमाटर बनने वाली यह सब्जी रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ परोसी जा सकती है. कम सामग्री में तैयार होने वाली डिश जरूर ट्राई करें.
Rajasthani Chana Dal Pyaz Recipe: रोज-रोज एक जैसी दाल और सब्जी खाकर अगर आपका भी मन ऊब गया है, तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं. राजस्थानी खाने का स्वाद कमाल होता है, जिसे खाने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं. दाल-बाटी चूरमा के बारे में तो हर कोई जानता है, लेकिन इसके अलावा राजस्थान में कई ऐसी सब्जियां भी बनती हैं, जिनको कम सामग्री में भी तैयार किया जाता है. इसी में से एक प्याज-चना दाल की सब्जी भी है, जो खाने में बहुत मजेदार लगती है.
Advertisement
राजस्थान में प्याज और चना दाल से एक शानदार देसी सब्जी बनाई जाती है, जिसे रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ खूब पसंद किया जाता है. इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और इसका स्वाद मसालेदार होने के साथ हल्का खट्टा भी होता है. खास बात यह है कि इसे बिना टमाटर के भी आसानी से बनाया जा सकता है.
सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर करीब 1 से 2 घंटे के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद दाल को कुकर में डालें और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर 2 से 3 सीटी आने तक पका लें.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें. इसमें जीरा और हींग डालें. जीरा चटकने लगे तो कटी हुई हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें. प्याज को तब तक पकाएं, जब तक उसका रंग हल्का गोल्डन न हो जाए.
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह मिलाएं. मसाले जलने न पाएं, इसके लिए जरूरत हो तो एक-दो चम्मच पानी डाल सकते हैं.
अब इसमें उबली हुई चना दाल डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. स्वादानुसार नमक डालकर सब्जी को मध्यम आंच पर पांच से सात मिनट पकने दें.
दाल और प्याज मसालों के साथ अच्छी तरह मिल जाएं तो इसमें गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालें.
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गार्निश कर दें और गैस बंद कर दें.
किसके साथ करें सर्व
राजस्थानी चना दाल प्याज को आप गरमागरम रोटी, पराठे या बाजरे की रोटी के साथ परोस सकते हैं. साथ में छाछ, दही या हरी चटनी हो तो इसका स्वाद और बढ़ जाता है. कम सामग्री में बनने वाली यह देसी सब्जी लंच या डिनर के लिए बढ़िया रेसिपी है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क