How to Make Mewa Malai Kulfi: बहुत खा ली बाजार की आइसक्रीम, दूध में मिलाएं ये एक चीज, बिना मावा घर पर बनेगी गाढ़ी मेवा कुल्फी

How to Make Mewa Malai Kulfi: अगर आपको भी गर्मी में ठंडी ठंडी कुल्फी खाना पसंद है तो आप घर पर ही शाही फ्लेवर वाली मेवा मलाई कुल्फी बना सकते हैं. इससे आपके पैसे भी बचेंगे और आपकी घर पर बनी शुद्ध कुल्फी का स्वाद भी मिलेगा.

Advertisement
मेवा मलाई कुल्फी (Photo: ITG) मेवा मलाई कुल्फी (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 31 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:10 PM IST

How to Make Mewa Malai Kulfi: गर्मियों की तपती दोपहर हो या रात के डिनर के बाद कुछ मीठा खाने की क्रेविंग, ठंडी-ठंडी कुल्फी का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है. बाजार में कई फ्लेवर्स की आइसक्रीम और कुल्फी मिलती हैं लेकिन जो बात पारंपरिक मेवा मलाई कुल्फी में है वो कहीं और नहीं.

कढ़े हुए दूध की सोंधी खुशबू, इलायची का फ्लेवर, केसर का शाही रंग और हर बाइट में आने वाला क्रंची नट्स का स्वाद इसे बेहद खास बनाता है. कई लोगों की शिकायत होती है कि घर पर कुल्फी जमाने से उसमें बर्फ के टुकड़े जम जाते हैं या वो बाजार जैसी क्रीमी नहीं बनती. आज हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं बिल्कुल मलाईदार, गाढ़ी और दानेदार मेवा मलाई कुल्फी बनाने की आसान रेसिपी जिससे आपकी कुल्फी हर बार परफेक्ट बनेगी.

Advertisement

मेवा मलाई कुल्फी बनाने की सामग्री 

फुल क्रीम दूध 1 लीटर (कुल्फी के लिए हमेशा फुल फैट दूध का ही इस्तेमाल करें),
चीनी-स्वादानुसार,

मिक्स मेवे (बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता)

हरी इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच

केसर के धागे: 10-12 (गुनगुने दूध में भीगे हुए)

कॉर्नफ्लोर या ब्रेड क्रम्ब्स: 1 चम्मच (दूध को जल्दी गाढ़ा करने के लिए)

बनाने का आसान तरीका

दूध को उबालें और गाढ़ा करें

सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में 1 लीटर फुल क्रीम दूध डालें. दूध को तेज आंच पर एक उबाल आने तक गर्म करें. उबाल आने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें और दूध को तब तक पकाएं जब तक वह घटकर आधा (लगभग 500ml) न रह जाए. इस दौरान कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर दूध में ही मिलाते रहें. इसी से कुल्फी दानेदार बनेगी.

Advertisement

मेवे और फ्लेवर मिलाएं

जब दूध आधा रह जाए. तब इसमें भीगा हुआ केसर वाला दूध, इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए काजू, बादाम व पिस्ता डाल दें. मेवों को दूध के साथ धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकने दें ताकि उनका फ्लेवर दूध में अच्छी तरह समा जाए. अब इसमें आधा कप चीनी डालें और अच्छी तरह मिलाएं.

मलाईदार कुल्फी के लिए अपनाएं ये सीक्रेट हैक

अगर आप दूध को जल्दी गाढ़ा और रबड़ीदार बनाना चाहते हैं तो 1 चम्मच कॉर्नफ्लोर को थोड़े से ठंडे दूध में घोलकर कड़ाही में मिला दें और 2 मिनट पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर पूरी तरह रबड़ी जैसा दिखने लगे तो गैस बंद कर दें और इसे कमरे के तापमान पर पूरी तरह ठंडा होने दें.

मोल्ड में भरें

मिश्रण के ठंडा होने पर यह और गाढ़ा हो जाएगा. अब इसे कुल्फी मोल्ड्स, पेपर कप या किसी एयर-टाइट कंटेनर में डालें. मोल्ड्स के ऊपर एल्युमिनियम फॉयल लगाएं और बीच में एक छोटा सा कट लगाकर कुल्फी स्टिक डाल दें. फॉयल लगाने से कुल्फी के ऊपर बर्फ की परत नहीं जमती.

फ्रीज करें और सर्व करें

कुल्फी को सेट होने के लिए कम से कम 7 से 8 घंटे या पूरी रात के लिए डीप फ्रीजर में रख दें. जमने के बाद, मोल्ड को फ्रीजर से निकालें और हथेलियों के बीच रगड़कर या कुछ सेकंड के लिए सामान्य पानी में डुबोकर कुल्फी को आसानी से बाहर निकालें. ऊपर से थोड़े कटे हुए पिस्ता और बादाम से गार्निश करके ठंडी-ठंडी मेवा मलाई कुल्फी सर्व करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »