How To Make Magaz: गर्मियों में अगर आपके सामने ठंडा-ठंडा मीठा और रसीला खरबूजा रखा हो, तो उससे मुंह फेर पाना नामुमकिन होता है. ये रसीला फल शरीर को अंदर से हाइड्रेट करने के साथ ही आपको ठंडक भी देता है. ऐसे में खरबूजा खाना सभी को बहुत पसंद होता है. लेकिन खरबूजे के बीज को अक्सर लोग कूड़ेदान में फेंक देते हैं. क्या आपके घर में भी खरबूजे के बीजों को कचरा समझा जाता है? अगर हां, तो रुक जाइए! जिसे आप कूड़ा समझ रहे हैं, वो असल में आपके बहुत काम आ सकता है. खरबूजे के बीजों से आप आसानी से मगज बना सकते हैं.
जी हां, बाजार में 600 से 800 रुपये किलो तक में बिकने वाला मगज आप घर पर आसानी से बना सकते हैं. ये न केवल मिठाइयों का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत का पावरहाउस भी है. चलिए जानते हैं आप घर पर कैसे मगज बना सकते हैं.
घर पर मगज बनाने का आसान तरीका
1. बीज अलग करें: खरबूजा काटते समय उसके बीज एक बाउल में निकाल लें. अब इसमें थोड़ा पानी डालकर हाथों से हल्के-हल्के मसलें, ताकि बीज और गूदा अलग हो जाए.
2. अच्छी तरह धो लें: अब इन बीजों को छलनी में डालकर साफ पानी से धोएं. ध्यान रखें कि बीजों का चिपचिपापन पूरी तरह खत्म हो जाए. ऐसे में इसे 2–3 बार अच्छी तरह धोएं.
3. धूप में सुखाएं: धुले हुए बीजों को सूती कपड़े पर फैलाकर 1–2 दिन तक तेज धूप में सुखाएं. धूप में तब तक सुखाना है, जब तक बीज दबाने पर कड़क आवाज के साथ टूटने न लगें. जब ऐसे होने लगे तो समझ लें कि वो अच्छी तरह सूख चुके हैं.
4. हल्का क्रश करें: सूखे बीजों को बेलन से हल्के हाथ से दबाएं, ताकि उनका बाहरी छिलका टूट जाए. अब बीजों को एक थाली में डालकर हल्का फटक लें. इससे हल्के छिलके ऊपर उड़ जाएंगे और मगज नीचे रह जाएगा.
5. हल्का भूनकर स्टोर करें: तैयार मगज को 1–2 मिनट तक हल्का सूखा भून लें. ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें, इससे यह लंबे समय तक खराब नहीं होगा.
किचन में कैसे करें इस्तेमाल?
आप मगज के रसोई में इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें शाही पनीर या किसी दूसरी ग्रेवी को गाढ़ा करने में इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके साथ ही इन्हें मिठाइयों में डाला जा सकता है क्योंकि ये मिठाइयों में क्रंच लाते हैं. इतना ही नहीं ठंडाई में ठंडक और स्वाद बढ़ाने के लिए भी ये काफी कारगर है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क