How to Make Gud Sharbat: उत्तर और मध्य भारत में सूरज की तपिश अपने चरम पर है. कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है और झुलसाने वाली गर्म हवाएं यानी लू (Heatwave) लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही हैं. इस मौसम में सबसे ज्यादा असर हमारे डाइजेशन और एनर्जी लेवल पर पड़ता है. तेज धूप के कारण डिहाइड्रेशन, पेट में जलन, गैस और लू लगने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. ऐसे में बाजार की महंगी और केमिकल वाली कोल्ड ड्रिंक्स की जगह देसी और आयुर्वेदिक ड्रिंक्स का सेवन करना चाहिए. गर्मियों में रोजाना गुड़ का ठंडा-ठंडा शरबत पीना शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
गर्मी में क्यों फायदेमंद है गुड़ का शरबत
आयरन, पोटैशियम और मैग्नीशियम से भरपूर गुड़ न सिर्फ आपके शरीर को तुरंत एनर्जी देता है, बल्कि पेट को अंदर से बर्फ जैसी ठंडक भी पहुंचाता है. गुड़ की तासीर गर्म होती है लेकिन इसका शरबत गर्मियों में बहुत फायदेमंद होता है. जब गुड़ को पानी में घोला जाता है तो इसकी रासायनिक प्रकृति बदल जाती है. यह शरीर में ऊर्जा बनाए रखने और उसे अंदर से प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने में मदद करता है.आइए जानते हैं इस चिलचिलाती गर्मी में लू से बचने के लिए गुड़ का शरबत बनाने की बेहद आसान रेसिपी.
गुड़ का शरबत बनाने की रेसिपी
गुड़ (क्रश किया हुआ) – 4-5 चम्मच
ठंडा पानी – 2 गिलास
पुदीने के पत्ते – 10-12
नींबू का रस – 2 चम्मच
काला नमक – आधा छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
बर्फ के टुकड़े (आइस क्यूब्स) – आवश्यकतानुसार
बनाने का तरीका
गुड़ को घोलें: सबसे पहले एक बड़े बर्तन या मिक्सिंग जार में क्रश किया हुआ गुड़ लें और उसमें थोड़ा सा पानी डालकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि गुड़ अच्छी तरह पिघल जाए.
पुदीना क्रश करें: पुदीने की पत्तियों को ओखली में हल्का सा कूट लें या पीस लें ताकि इसका फ्रेश फ्लेवर शरबत में आ जाए.
मिश्रण तैयार करें: अब पिघले हुए गुड़ के पानी में बाकी का ठंडा पानी, कुटी हुई पुदीना पत्ती, नींबू का रस, काला नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. आप चाहें तो इसे ब्लेंडर में भी एक बार चला सकते हैं.
छानें और परोसें: तैयार शरबत को छलनी से छान लें ताकि पुदीने के बड़े टुकड़े निकल जाएं. अब सर्विंग ग्लास में आइस क्यूब्स डालें, ऊपर से ठंडा-ठंडा शरबत डालें और पुदीने की पत्ती से सजाकर तुरंत सर्व करें.
aajtak.in