How to Make Moong Dal cutlets: शाम के समय चाय की चुस्कियों के साथ कुछ गरम और कुरकुरा खाने का मन हर किसी का होता है. अमूमन हमारे घरों में आलू के कटलेट, ब्रेड रोल या समोसे ही बनाए जाते हैं. स्वाद में लाजवाब होने के बावजूद ये स्नैक्स हैवी और हाई-कैलोरी होते हैं जिसके चलते फिटनेस का ध्यान रखने वाले लोग इनसे दूरी बना लेते हैं.
अगर आप भी शाम की छोटी-मोटी भूख के लिए कोई ऐसा विकल्प ढूंढ रहे हैं जो जुबान को चटपटा स्वाद दे और शरीर को भरपूर प्रोटीन भी तो मूंग दाल के क्रिस्पी कटलेट्स आपके लिए बेस्ट चॉइस हैं. मूंग दाल न सिर्फ पचाने में आसान होती है बल्कि यह फाइबर और जरूरी विटामिन्स का पावरहाउस भी है. जब इसमें बारीक कटी सब्जियां और देसी मसालों का तड़का लगता है तो इसका क्रंच हर किसी को दीवाना बना देता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
सामग्री (Ingredients)
मूंग दाल: 1 कप (3 घंटे पानी में भिगोई हुई)
पोहा (बाइंडिंग के लिए): 1/2 कप (धोकर साफ किया हुआ) या 2 बड़े चम्मच सूजी
बारीक कटी सब्जियां: 1/4 कप गाजर, 1/4 कप शिमला मिर्च, 1/4 कप प्याज
बारीक कटी हरी मिर्च: 2
अदरक का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया: 1/2 कप
मसाले: 1/2 छोटी चम्मच चाट मसाला, 1/2 छोटी चम्मच भुना जीरा पाउडर, 1/2 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1/4 छोटी चम्मच हल्दी, एक चुटकी हींग.
तेल/घी: कटलेट्स को शैलो-फ्राई या सेंकने के लिए
नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
भीगोई हुई मूंग दाल का पूरा पानी निकाल दें. अब इसे मिक्सी में बिना पानी डाले (या सिर्फ 1 चम्मच पानी के साथ) दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि इसका पेस्ट बिलकुल महीन नहीं होना चाहिए, थोड़ा दानेदार रहना चाहिए.
इस दरदरी पिसी दाल को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकालें. इसमें भीगा हुआ पोहा (या सूजी) डालकर अच्छी तरह मैश करें, यह बाइंडिंग का काम करेगा. अब इसमें बारीक कटी गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें.
इस मिश्रण में चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च, हल्दी, हींग और स्वादानुसार नमक डालकर चम्मच या हाथों की मदद से एक स्मूथ डो तैयार कर लें.
अपनी हथेलियों पर थोड़ा सा तेल लगाएं. मिश्रण का छोटा हिस्सा लें और उसे अपनी पसंद के अनुसार टिक्की, ओवल या हार्ट शेप में कटलेट तैयार कर लें.
एक नॉन-स्टिक पैन या तवे पर 2 चम्मच तेल या घी गर्म करें. तैयार कटलेट्स को तवे पर रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अलट-पलट कर क्रिस्पी और गोल्डन ब्राउन होने तक शैलो-फ्राई कर लें. आपके गरमा-गरम, बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट मूंग दाल कटलेट तैयार हैं. इन्हें पुदीने की तीखी चटनी और टोमैटो केचप के साथ सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क