How to Make Bharwan Baigan: बिहार की रसोई अपने सादगी भरे लेकिन लाजवाब स्वाद के लिए जानी जाती है. यहां के 'भरवां बैंगन या बैंगन का कलौंजी का स्वाद इतना गहरा होता है कि यह साधारण दाल-चावल के स्वाद को भी दोगुना कर देता है. अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि भरवां बैंगन बनाते समय या तो मसाला जल जाता है या बैंगन कड़ाही में चिपकने लगते हैं. लेकिन कुछ खास पारंपरिक ट्रिक्स को अपनाकर आप एकदम परफेक्ट बिहारी स्टाइल भरवां बैंगन तैयार कर सकते हैं.
बिहारी स्टाइल भरवां बैंगन की सबसे बड़ी खूबी इसका मसाला और उसे पकाने का तरीका है. इसमें सरसों के तेल, सौंफ, मंगरैल (कलौंजी के बीज) और अमचूर का जो संतुलन होता है, वह इसे उत्तर भारत की अन्य रेसिपीज से अलग बनाता है. धीमी आंच पर भाप में पकने के कारण बैंगन के भीतर तक मसालों का रस समा जाता है, जिससे हर बाइट में एक अनोखा चटपटापन महसूस होता है.
बिहारी स्टाइल भरवां बैंगन के लिए तैयार कर लें ये चीजें
बैंगन: 250 ग्राम (छोटे और गोल वाले)
सरसों का तेल: 3-4 बड़े चम्मच
मसाला पेस्ट: 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
सूखे मसाले: 2 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च, 1 चम्मच अमचूर, 1 चम्मच सौंफ पाउडर.
तड़का: आधा चम्मच पचफोरन (जीरा, राई, सौंफ, मेथी, कलौंजी).
नमक: स्वादानुसार.
बनाने का तरीका
बैंगन तैयार करें: बैंगन को धोकर सुखा लें और बीच से चार चीरे लगाएं (डंठल न हटाएं), देख लें कि कीड़े न हों.
मसाला भरावन: एक कटोरे में सभी सूखे मसाले, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक और 1 चम्मच कच्चा सरसों तेल मिलाएं. (यही ट्रिक मसाले को जलने से बचाती है).
स्टफिंग: तैयार मसाले को बैंगन के बीच में अच्छी तरह भर दें.
पकाने का तरीका (ट्रिक): कड़ाही में तेल गरम करें और पचफोरन डालें. अब बैंगन को कड़ाही में रखें और आंच एकदम धीमी कर दें.
भाप का जादू: कड़ाही को एक भारी ढक्कन से ढक दें. 5 मिनट बाद बैंगन को हल्के हाथ से पलटें. अगर लगे कि चिपक रहा है, तो हाथों से पानी की कुछ बूंदों का छींटा मारें. इससे बैंगन सॉफ्ट रहेंगे और चिपकेंगे नहीं.
जब बैंगन नरम हो जाएं और मसाला तेल छोड़ दे तो गैस बंद कर दें.
aajtak.in