Aloo Pyaz Bhajiya: बारिश का मौसम आते ही सबसे पहले जिस चीज की तलब लगती है, वो हैं गरमा-गरम चाय और उसके साथ क्रिस्पी पकौड़े. रिमझिम फुहारों के बीच खिड़की के पास बैठकर पकोड़े खाने का मजा ही कुछ अलग होता है. अगर आप भी इस सुहाने मौसम का पूरा लुत्फ उठाना चाहते हैं तो फिर पकौड़े की जगह थोड़ा और क्रिस्पी आलूृ-प्याजा का कुरकुरा भजिया ट्राई कीजिए.
यहां हम आपको घर पर झटपट हलवाई जैसे कुरकुरे और स्वादिष्ट आलू-प्याज की भजिया की रेसिपी बता रहे हैं. यह रेसिपी इतनी आसान है कि इसे कोई भी बहुत कम समय में तैयार कर सकता है. आइए जानते हैं इसकी आसान और परफेक्ट रेसिपी.
सामग्री
प्याज: 2 बड़े साइज के (लंबाई में कटे हुए)
आलू: 2 मध्यम साइज के (छीलकर पतले और लंबे टुकड़ों में कटे हुए)
बेसन: 1 कप
चावल का आटा: 2 बड़े चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)
हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच (वैकल्पिक)
अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच (या स्वादानुसार)
हल्दी पाउडर: एक चौथाई छोटा चम्मच
धनिया पाउडर: आधा छोटा चम्मच
चाट मसाला: आधा छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)
नमक: स्वादानुसार
तलने के लिए: तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले कटे हुए आलू और प्याज को पानी से अच्छी तरह धोकर एक बड़े बर्तन में निकाल लें. ध्यान रखें कि इनका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकल जाना चाहिए.
अब इस प्याज और आलू के मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, अजवाइन, चाट मसाला, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें. इसे हाथों से अच्छी तरह मिला लें ताकि मसाले सब्जियों पर कोट हो जाएं. नमक अभी न डालें, क्योंकि नमक डालने से सब्जियां पानी छोड़ने लगती हैं.
अब इसमें बेसन और चावल का आटा मिलाएं. इसके बाद स्वादानुसार नमक डालें और सभी चीजों को हल्के हाथों से मिलाएं. अगर जरूरत लगे तो बिल्कुल 1-2 चम्मच पानी के छींटे मारें, ताकि बेसन सब्जियों से अच्छी तरह चिपक जाए. घोल ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए.
एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तलने के लिए तेल गर्म करें. जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए, तो हाथ में थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर कड़ाही में पकोड़ों की तरह छोड़ते जाएं.
गैस की आंच को मध्यम से तेज रखें और भजिया को उलट-पलट कर तब तक डीप फ्राई करें जब तक वे दोनों तरफ से सुनहरे भूरे और करारे न हो जाएं.
तैयार गरमा-गरम आलू-प्याज की क्रिस्पी भजिया को एक प्लेट में निकाल लें. इसे तीखी हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी और कड़क मसाला चाय के साथ गरमा-गरम सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क