How to Make room cool: उत्तर भारत में हल्की-फुल्की बारिश के बाद फिर से गर्मी की तपन बढ़ गई है. चिलचिलाती गर्मी और ऊपर से आसमान छूता पारा हर किसी का दम निकाल रहा है. दोपहर के वक्त घर की दीवारें और छत भट्टी की तरह तपने लगती हैं. ऐसे में हर किसी के लिए घर में एसी लगवाना या चौबीसों घंटे उसे चलाना बजट के बाहर हो जाता है क्योंकि महीने के आखिर में आने वाला भारी-भरकम बिजली का बिल पसीने छुड़ा देता है.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना मोटी रकम खर्च किए भी आप अपने कमरे को नेचुरल तरीके से ठंडा रख सकते हैं. जी हां कुछ आसान और बेहद किफायती घरेलू ट्रिक्स को अपनाकर आप अपने घर को इस भीषण गर्मी में भी कूल-कूल बना सकते हैं.
1. क्रॉस वेंटिलेशन है जरूरी
दिनभर खिड़कियां खुली रखने से बाहर की गर्म हवा कमरे के अंदर भर जाती है. इसका सही तरीका यह है कि सूरज उगने के बाद घर की खिड़कियां और भारी पर्दे बंद कर दें. शाम को सूरज ढलने के बाद जब बाहर का मौसम थोड़ा ठंडा हो जाए, तब आमने-सामने की खिड़कियां खोल दें. इससे ठंडी हवा एक तरफ से आएगी और कमरे की गर्म हवा को दूसरी तरफ से बाहर धकेल देगी.
2. कूलर के सामने रखें बर्फ
अगर आपके घर में कूलर या छोटा पंखा है तो उसके ठीक आगे एक बड़े कटोरे में बर्फ के टुकड़े या फ्रिज में जमी हुई पानी की ठंडी बोतलें रख दें. जब पंखे या कूलर की हवा इस बर्फ से टकराकर आपके पास आएगी तो वो ठंडी हवा देगी.
3. एग्जॉस्ट फैन का यूज
गर्म हवा हमेशा हल्की होती है और कमरे की छत की तरफ यानी ऊपर इकट्ठा हो जाती है. दोपहर और शाम के वक्त अपने रसोई और स्नानघर के हवा बाहर फेंकने वाले पंखों को चालू कर दें. यह कमरे के ऊपरी हिस्से में फंसी सारी गर्म हवा को खींचकर तुरंत बाहर फेंक देगा, जिससे कमरे का तापमान अचानक गिर जाएगा.
4. छतों और दीवारों पर पानी छिड़कें
अगर आप सबसे ऊपरी मंजिल पर रहते हैं तो दोपहर के समय छत और धूप का सामना करने वाली दीवारों पर पानी का छिड़काव करें. इसके अलावा शाम को सूर्यास्त के बाद छत पर पानी डालने से कंक्रीट की तपन तुरंत शांत हो जाती है और रात में कमरा भट्टी की तरह नहीं तपता.
5. मोटे गहरे पर्दों को कहें 'ना', सूती सफेद पर्दे अपनाएं
गर्मी के दिनों में गहरे रंग के या कृत्रिम धागों वाले पर्दे सूरज की गर्मी को सोखते हैं. इसकी जगह घर में हल्के रंग के, खासकर सफेद सूती या खादी के पर्दे लगाएं. सफेद रंग सूरज की किरणों को लौटा देता है, जिससे गर्मी घर के अंदर नहीं आ पाती.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क