Mattress Cleaning Tips Summer: गर्मी और बारिश के मौसम में घर की भले कितनी भी साफ-सफाई कर लें, मगर छिपकली, चूहे और बैक्टीरिया घर में घुस ही आते हैं. तेज धूप में जाने के बाद पूरे कपड़े पसीने से भीग जाते हैं, सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि इस मौसम में हमारे गद्दे और तकिए भी जल्दी गंदे हो जाते हैं और उनमें तेजी से बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. कई बार तो तकिए और गद्दों से बदबू भी आने लगती है, क्योंकि अक्सर समय लोग बिस्तर पर बैठकर ही बिताते हैं.
इसलिए सिर्फ अपने शरीर और कपड़ो की नहीं बल्कि गद्दे और तकियों की सफाई का भी हमेशा खास ध्यान रखना चाहिए. रोजाना हम गद्दे पर सोते हैं, अगर वो गंदा हो तो इससे हमें भी जल्दी इंफेक्शन हो सकता है. गद्दे और तकियों की सफाई करना काफी मुश्किल होता है, मगर अच्छी बात यह है कि गद्दे और तकियों को फ्रेश करने के लिए आपको महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में मौजूद बेकिंग सोडा इस काम को आसान बना सकता है.
क्यों जरूरी है गद्दे और तकियों की सफाई?
गर्मी में शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है और सोते समय यह पसीना धीरे-धीरे गद्दे और तकियों में समा जाता है. इसके अलावा धूल और डेड स्किन सेल्स भी इनमें जमा होती रहती हैं. समय पर सफाई न होने पर बदबू, एलर्जी और बैक्टीरिया की समस्या बढ़ सकती है. इसलिए महीने में कम से कम एक बार गद्दे और तकियों को अच्छी तरह साफ करना चाहिए.
रसोई की एक चीज आएगी आपके काम
रसोई में इस्तेमाल होने वाला बेकिंग सोडा गद्दे और तकिए की सफाई के लिए काफी कारगार माना जाता है. क्योंकि बेकिंग सोडा एक प्राकृतिक क्लीनिंग एजेंट माना जाता है, यह तेजी से नमी और बदबू को सोख लेता है.
इस तरीके से करें इस्तेमाल
सबसे पहले गद्दे या तकिए की सतह को साफ कपड़े या वैक्यूम क्लीनर से झाड़ लें. उसके बाद बेकिंग सोडा को पूरे गद्दे और तकिए पर छिड़क दें. अब इसे 30 से 60 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें. इस दौरान बेकिंग सोडा नमी और बदबू को अपने अंदर खींच लेगा. जब टाइम हो जाए तो वैक्यूम क्लीनर या सूखे कपड़े की मदद से बेकिंग सोडा को सारे बिस्तर से हटा दें. आप देखेंगे कि गद्दा और तकिया पहले की तुलना में ज्यादा फ्रेश महसूस होगा.
धूप दिखाना भी है फायदेमंद
गद्दे और तकियों को बैक्टीरिया मुक्त करने के लिए घूप दिखाना भी काफी फायदेमंद होता है. इसलिए अगर आपके पास समय हो तो महीने में एक दिन गद्दे और तकियों को कुछ घंटों के लिए धूप में जरूर रखें. धूप प्राकृतिक रूप से नमी को दूर करने और बैक्टीरिया को कम करने में मदद करती है, इसके साथ ही इससे बिस्तर में ताजगी भी बनी रहती है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
गद्दे और तकिए तो नहीं धोए जाते हैं, लेकिन इनके कवर और बेडशीट को समय-समय पर धोते रहना चाहिए. अपने बेडरूम में पर्याप्त वेंटिलेशन रखें ताकि नमी जमा न हो. अगर गद्दे पर कोई दाग लग जाए तो उसे लंबे समय तक छोड़ने के बजाय तुरंत साफ कर लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क