घर की सफाई का नाम आते ही सबसे पहले फर्श पर पोछा लगाना, खिड़कियां साफ करना और फर्नीचर की धूल हटाना याद आता है. लेकिन एक जगह ऐसी भी होती है जिस पर अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता और वो होते हैं छत के कोने. समय के साथ इन कोनों में धूल, मकड़ी के जाले और गंदगी इतनी जमा हो जाती है कि पूरा कमरा साफ होने के बावजूद भी गंदा-गंदा सा दिखने लगता है. कई बार इन जालों पर मेहमानों की नजर सबसे पहले जाती है और उनके सामने आपकी बेइज्जती हो जाती है.
इन्हें अगर कोई साफ करना चाहे तो भी सबसे बड़ी दिक्कत तब आती है जब इन्हें साफ करने की कोशिश की जाती है. झाड़ू या कपड़ा लगाते ही धूल उड़कर पूरे कमरे में फैल जाती है, फर्नीचर फिर से गंदा हो जाता है और सफाई करने वाले को छींकें आने लगती हैं. यही वजह है कि लोग इस काम को टालते रहते हैं. अगर आपको भी कमरे के जाले साफ करते वक्त दिक्कत होती है तो परेशान न हों. आज हम एक ऐसी आसान और स्मार्ट ट्रिक लेकर आए हैं, जिससे छत के कोनों की सफाई बिना धूल फैलाए और बिना ज्यादा मेहनत के आसानी से की जा सकती है.
क्यों जल्दी गंदे हो जाते हैं छत के कोने?
घर में चलने वाले पंखे, खिड़कियों और एसी की वजह से हल्की धूल ऊपर जाकर छत के किनारों में जमा होने लगती है. समय के साथ वहां जाले और महीन गंदगी की परत बन जाती है. अगर इसे लंबे समय तक साफ न किया जाए तो इससे एलर्जी और सांस की परेशानी भी बढ़ सकती है.
कई लोग छत साफ करने के लिए झाड़ू या गीला कपड़ा इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे धूल नीचे गिरकर पूरे कमरे में फैल जाती है. अगर ज्यादा पानी का इस्तेमाल किया जाए तो छत का पेंट खराब हो सकता है और सीलन आने का खतरा भी रहता है. खासकर टेक्शचर वाली छत पर गीले कपड़े से की गई सफाई नुकसान पहुंचा सकती है.
प्रोफेशनल लोग जाले साफ करने के लिए क्या ट्रिक अपनाते हैं?
सफाई करने वाले एक्सपर्ट एक खास तरीका अपनाते हैं. घर के कोनों में लगे जालों को साफ करने के लिए वे लोग लंबे हैंडल वाला माइक्रोफाइबर डस्टर या वैक्यूम क्लीनर का सॉफ्ट ब्रश इस्तेमाल करते हैं. माइक्रोफाइबर धूल को उड़ाने की बजाय अपने अंदर पकड़ लेता है, जिससे गंदगी इधर-उधर नहीं फैलती.
लंबे हैंडल वाले डस्टर की मदद से आप जमीन पर खड़े होकर ही छत के कोने साफ कर सकते हैं. आसान भाषा में कहें तो इसकी मदद से सफाई करने के लिए आपको सीढ़ी की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. इससे गिरने या चोट लगने का खतरा भी कम हो जाता है और सफाई जल्दी पूरी हो जाती है.
सफाई शुरू करने से पहले करें ये काम
छत के कोने साफ करने से पहले कमरे के पंखे बंद कर दें और खिड़कियां भी कुछ देर के लिए बंद रखें. इससे धूल हवा में उड़कर पूरे कमरे में नहीं फैलेगी. अगर नीचे फर्नीचर रखा हो तो उस पर चादर या कवर डाल दें.
ऐसे करें सही तरीके से सफाई
सही तरह से सफाई करने के लिए सबसे पहले माइक्रोफाइबर डस्टर को धीरे-धीरे छत के किनारों पर चलाएं. लेकिन ध्यान रखें कि जोर से न रगड़ें. अगर कहीं जिद्दी दाग दिखे तो हल्के गीले कपड़े में थोड़ा सा साबुन मिलाकर साफ करें और तुरंत सूखे कपड़े से पोंछ दें.
वैक्यूम क्लीनर इस्तेमाल करना रहेगा बेहतर
अगर घर में वैक्यूम क्लीनर है तो उसके ब्रश अटैचमेंट से सफाई करना ज्यादा आसान रहेगा. इससे धूल सीधे मशीन में चली जाएगी और कमरे में गंदगी नहीं फैलेगी. जिन लोगों को एलर्जी है उन लोगों के लिए ये तरीका ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क