How To Clean Burnt Iron: ज्यादातर लोग घर पर ही अपने कपड़े प्रेस करना पसंद करते हैं. इससे उनके पैसे बचते हैं, लेकिन कितना भी ध्यान से प्रेस क्यों ना कर लें कभी न कभी उनके कोई न कोई कपड़ा जल जाता है. इससे ना केवल कपड़ा खराब होता है, बल्कि प्रेस के निचले हिस्से पर भी जला कपड़ा चिपक जाता है. कई बार ये इतना बुरी तरह चिपकता है कि उसका जिद्दी काला निशान लाख कोशिशों के बाद भी नहीं जाता है. ऐसी जली हुई प्रेस का इस्तेमाल अगर दूसरे साफ कपड़ों पर किया जाए, तो वे भी खराब हो सकते हैं. कई बार लोग इस कालेपन को देखकर महंगी प्रेस को बेकार मान लेते हैं और नई खरीदने की सोचने लगते हैं.
अगर आपके घर की प्रेस का भी यही हाल है, तो बाजार भागने की जरूरत नहीं है. आपकी रसोई और घर में ही कुछ ऐसी मामूली चीजें मौजूद हैं, जो प्रेस पर लगी इस जली हुई लेयर को मिनटों में साफ कर सकती हैं. चलिए जानते हैं प्रेस को साफ करने के लिए क्या करना चाहिए.
1. साधारण नमक करेगा कमाल
रसोई में रखा साधारण सा नमक आपकी इस समस्या को चुटकियों में हल कर सकता है. ये प्रेस पर जमी जिद्दी परत हटाने का सबसे आसान और सबसे तेज तरीका है. इसके लिए आपको बस एक चॉपिंग बोर्ड या किसी भी लकड़ी की सतह पर अच्छी मात्रा में सादा नमक फैलाना होगा. अब अपनी प्रेस को हल्का सा गर्म करें और फिर उसका स्विच बंद कर दें. हल्की गर्म प्रेस को बिखरे हुए नमक के ऊपर रखें और दो से तीन मिनट के लिए थोड़ा दबाव देते हुए घुमाएं.
इसके बाद एक साफ सूती कपड़ा लें और प्रेस को अच्छे से पोंछ लें. आप देखेंगे कि सारा कालापन गायब हो चुका है और प्रेस बिल्कुल नई जैसी हो गई है.
2. टूथपेस्ट से छुड़ाएं सबसे जिद्दी निशान
अगर प्रेस की प्लेट बहुत ज्यादा जल चुकी है और दाग आसानी से नहीं छूट रहे, तो टूथपेस्ट भी आपके काम को आसान बना सकता है. टूथपेस्ट से प्रेस की प्लेट साफ करने के लिए कोई भी सफेद टूथपेस्ट लें और उसे प्रेस के जले हुए हिस्से पर अच्छी तरह से अप्लाई कर दें. इसके बाद प्रेस का प्लग ऑन करें और उसे थोड़ी देर के लिए गर्म होने दें. जैसे ही प्रेस गर्म होगी, पेस्ट पिघलने लगेगा.
जैसे ही पेस्ट पिघलने लगे वैसे ही तुरंत स्विच बंद कर दें. अब एक कोई भी रफ या पुराना कपड़ा लें और उससे प्लेट को रगड़कर साफ कर लें. इससे जिद्दी से जिद्दी दाग तुरंत साफ हो जाएंगे.
3.बेकिंग सोडा का जादुई गाढ़ा पेस्ट
बेकिंग सोडा सिर्फ रसोई में खाना पकाने के लिए ही काम नहीं आता है. ये मेटल की सतह को साफ करने में भी कमाल का है. इसके लिए सबसे पहले प्रेस को थोड़ा गर्म करके रख लें. अब एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा निकालें और उसमें मामूली सा पानी मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इस तैयार पेस्ट को प्रेस की प्लेट पर लगाएं.
इसके बाद एक हल्का सा गीला कपड़ा लें और उसकी मदद से इस पेस्ट को रगड़ते हुए साफ करें. कुछ ही सेकंड्स में सारा कालापन कपड़े पर आ जाएगा और आपकी प्रेस चकाचक हो जाएगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क