Holi Gulal Safety Tips: होली के बाद हम अक्सर देखते है कि हमारी स्किन खराब दिखने लगती है, जिसका सबसे बड़ा कारण मिलावटी रंग और गुलाल होते हैं. होली के समय बाजारों में अबीर-गुलाल भारी मात्रा में मिलने लगते हैं, लेकिन इनमें अक्सर ही मिलावट होती है जो हमारी स्किन में रेडनेस और ड्राईनेस का कारण बन जाती है. इतना ही नहीं कई बार तो गुलाल से हमारी स्किन बुरी तरह से डैमेज हो जाती है, जिसे ठीक करने में फिर हमें काफी मेहनत करनी पड़ती है.
इसलिए गुलाल खरीदते समय उसकी क्वालिटी चेक करना हमेशा ध्यान रखें, अच्छी बात यह है कि कुछ आसान तरीकों से आप खरीदते समय ही गुलाल असली है या मिलावटी ये पता लगा सकते हैं. आइए इन आसान तरीकों के बारे में जानते हैं जो होली पर आपको गलत गुलाल खरीदने से रोक लेंगी.
कई बार लेड, मरकरी और क्रोमियम जैसे खतरनाक केमिकल गुलाल में मौजूद होती हैं, जो हमारी स्किन के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं. सस्ते और अट्रैक्टिव पैकेजिंग की वजह से लोग कई बार बाजार से ऐसे गुलाल खरीदकर घर ले आते हैं, जिनमें केमिकल्स होते हैं जो आंखों और नाक में जाने से जानलेवा भी साबित हो सकते हैं.
गुलाल को खरीदते समय सबसे पहले उसकी खुशबू से उसको पहचाना जा सकता है. अच्छा गुलाल हल्की और नेचुरल खुशबू वाला होता है, अगर तेज, केमिकल जैसी बदबू आए तो वह मिलावटी हो सकता है.
थोड़ा गुलाल हथेली पर रगड़ें, अगर रंग बहुत तेजी से चिपक जाए या हटाने में मुश्किल हो, तो उसमें केमिकल मिलाए गए हो सकते हैं. ऐसे गुलाल को बिल्कुल ना खरीदें.
एक गिलास पानी में थोड़ा गुलाल डालें, क्योंकि अगर गुलाल असली होगा तो वो आसानी से पानी में घुल जाएगा. इसके आलावा नीचे तलछट कम छोड़ेगा, लेकिन अगर पानी का रंग बहुत गहरा और चिपचिपा हो जाए, तो उस गुलाल से सावधान रहें.
स्किन पर पैच टेस्ट करके भी आप मिलावटी गुलाल का पता लगा सकते हैं, इसलिए आप थोड़ा सा गुलाल कलाई पर लगाकर 10 से 15 मिनट छोड़ दें. अगर गुलाल लगाने के बाद खुजली, जलन या लालिमा हो तो उस गुलाल का इस्तेमाल न करें.
हमेशा ब्रांडेड और हर्बल या नेचुरल लिखे गुलाल ही खरीदें. इसके साथ गुलाल खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग डेट और इंग्रेडिएंट्स के बारे में जरूर पढ़ें.
गुलाल को खरीदते समय आप उसको अपने हाथ में उठाकर देखें, क्योंकि अच्छा गुलाल मुलायम और महीन होता है. अगर उसमें छोटे-छोटे कण या रेत जैसी फीलिंग हो, तो वह स्किन को नुकसान पहुंचा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क