Homemade Face Serum: आपने आजकल हर दूसरे शख्स को स्किन में होने वाली परेशानियों के बारे में शिकायत करते सुना होगा. चाहे फिर वो महिलाएं हो या पुरुष, भागदौड़ भरी जिंदगी में स्किन की सही देखभाल करना सभी के लिए मुश्किल हो जाता है. धूल-मिट्टी, धूप, स्ट्रेस, नींद की कमी और अनहेल्दी खानपान का असर सबसे पहले चेहरे पर दिखने लगता है. इसकी वजह से धीरे-धीरे स्किन की चमक कम हो जाती है और झुर्रियां, पिगमेंटेशन या डलनेस जैसी समस्याएं नजर आने लगती हैं.
उम्र से पहले बूढ़ा शायद ही कोई दिखना चाहता होगा. ऐसे में अपने चेहरे पर बढ़ती झुर्रियों से निजात पाने के लिए लोग महंगे सीरम और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल्स हर किसी की स्किन को सूट नहीं करते. अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं जिन्हें केमिकल्स सूट नहीं करते हैं, तो टेंशन न लें. आप घरेलू चीजों से बहुत ही असरदार फेस सीरम घर पर आसानी से बना सकते हैं. चलिए जानते हैं ऐसे 5 होममेड फेस सीरम, जो आपकी स्किन को नेचुरल तरीके से हेल्दी और ग्लोइंग बना सकते हैं.
1. शहद और नींबू का सीरम: अगर आपकी स्किन बहुत डल हो चुकी है और आप इंस्टेंट ग्लो चाहते हैं तो शहद और नींबू से बना सीरम आपके लिए बढ़िया साबित होगा. शहद स्किन को नमी देता है, जबकि नींबू चेहरे की रंगत निखारने में मदद करता है.
कैसे बनाएं: इसे बनाने के लिए 2 चम्मच शहद लें. इसमें 1 चम्मच ताजा नींबू का रस मिलाएं और दोनों को अच्छी तरह मिला लें.
कैसे लगाएं: इसे चेहरे पर हल्की लेयर में लगाकर लगभग 20 मिनट के लिए छोड़ दें. जब ये सूख जाए तब गुनगुने पानी से चेहरा धो लें. इससे डल स्किन में चमक आ सकती है और हल्की झुर्रियां कम दिखने लगेंगी.
2. हल्दी और नारियल तेल: अगर आपकी स्किन बेजान लगने लगी है तो हल्दी और नारियल का तेल आपके लिए किसी वरदान की तरह काम कर सकता है. दअरसल, हल्दी में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं और नारियल तेल स्किन को गहराई से मॉइस्चराइज करता है.
कैसे बनाएं: 2 चम्मच नारियल तेल लें. उसमें 2 चुटकी हल्दी पाउडर मिलाएं और अच्छे से मिलाएं.
कैसे इस्तेमाल करें: इसे चेहरे पर हल्के हाथ से मसाज करते हुए लगाएं. करीब 20–25 मिनट बाद धो लें. इससे स्किन सॉफ्ट महसूस होती है और हेल्दी ग्लो आ सकता है.
3. एलोवेरा सीरम: अगर आप अपनी स्किन पर रोजाना लगाने के लिए कुछ ढूंढ रहे हैं तो एलोवेरा सीरम बढ़िया है. एलोवेरा स्किन को ठंडक देने के साथ-साथ उसे रिपेयर करने में भी मदद करता है.
कैसे बनाएं: 1 चम्मच एलोवेरा जेल लें, 1 विटामिन ई कैप्सूल ले, 1 चम्मच गुलाब जल और आधा चम्मच ग्लिसरीन मिलाएं. इन सभी चीजों को मिलाकर एक साफ बोतल में रख लें.
कैसे लगाएं: रात में सोने से पहले चेहरे पर लगाएं और सुबह धो लें. इससे ड्राइनेस, पिंपल्स और फाइन लाइंस में राहत मिल सकती है.
4. दालचीनी और शहद: अगर आपके चेहरे पर बहुत ज्यादा पिंपल्स हैं तो दालचीनी और शहद का सीरम आपके लिए असरदार हो सकता है. अगर चेहरे पर बार-बार मुंहासे हो रहे हैं तो ये आसान नुस्खा ट्राई किया जा सकता है.
कैसे बनाएं: इसके लिए आपको 1 चम्मच शहद में 1 छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलानी है.
कैसे इस्तेमाल करें: दोनों को मिलाकर चेहरे पर 15–20 मिनट तक लगाएं. इसके बाद साफ पानी से धो लें. इससे पिंपल्स कम करने और स्किन को क्लियर रखने में मदद मिल सकती है.
5. एलोवेरा और हल्दी: जिन लोगों की स्किन बहुत ज्यादा ऑयली होती है, उनके लिए ये सीरम फायदेमंद हो सकता है.
कैसे बनाएं: फ्रेश एलोवेरा जेल लें उसमें 1 चम्मच हल्दी मिलाएं और दोनों को मिलाकर फ्रिज में रख सकते हैं.
कैसे लगाएं: रात में हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं और लगभग 15 मिनट बाद धो लें. इससे ऑयल कंट्रोल करने और स्किन टोन बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क