Perfect Gulab Jamun Tips: गुलाब जामुन सबसे अधिक पसंद की जाने वाली मिठाई है लेकिन इसे घर पर बनाना किसी चुनौती से कम नहीं होता. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि कड़ाही में डालते ही गुलाब जामुन फट जाते हैं या सख्त हो जाते हैं. इसके पीछे का मुख्य कारण गलत टेक्नीक और रसोई में की गई छोटी-छोटी गलतियां हैं. यदि आप भी पहली बार में हलवाई जैसे नरम और स्पंजी गुलाब जामुन बनाना चाहते हैं तो हलवाई भैया के बताए हुए टिप्स फॉलो करें.
आटे को गूंथने में सावधानी
गुलाब जामुन के फटने का सबसे बड़ा कारण आटे का सख्त होना या उसमें दरारें होना है. आटे को ब्रेड की तरह ज्यादा नहीं गूंथना चाहिए. बस हल्का सा मिलाकर चिकना डो तैयार करें. यदि डो में नमी की कमी है तो उसमें हल्का दूध मिलाया जा सकता है. याद रखें बॉल्स बनाते समय हथेलियों पर घी लगाकर उन्हें बिल्कुल चिकना बनाएं. अगर छोटी सी भी दरार रह जाएगी तो कड़ाही की गर्मी में वह दरार बड़ी होकर गुलाब जामुन को तोड़ देगी.
तलने का सही तापमान
अधिकतर लोग गुलाब जामुन को तेज आंच पर तलने की गलती करते हैं. धीमी और मध्यम आंच ही सही तरीका है. तेज आंच से बाहरी हिस्सा तो जल्दी ब्राउन हो जाता है लेकिन अंदर का हिस्सा कच्चा रह जाता है जिससे गुलाब जामुन बाद में फटने लगते हैं.
कड़ाही में डालने के बाद उन्हें लगातार हल्के हाथों से घुमाना चाहिए ताकि हर तरफ से एक समान रंग आए.
चाशनी का सही संतुलन
जब गुलाब जामुन तैयार हो जाएं तो उन्हें सीधा गुनगुनी चाशनी में डालें. अगर चाशनी बहुत ज्यादा खौल रही होगी, तो गुलाब जामुन का आकार बिगड़ जाएगा और वे चाशनी में जाकर बिखर सकते हैं.
बहुत ठंडी चाशनी होने पर वे अंदर तक मीठा नहीं सोख पाएंगे. चाशनी में नींबू की कुछ बूंदें डालने से इसमें क्रिस्टलाइजेशन की समस्या नहीं होती और मिठास अंदर तक जाती है.
जरूरी टिप्स:
बेकिंग सोडा की मात्रा: जरूरत से ज्यादा बेकिंग सोडा डालने से गुलाब जामुन तेल में जाते ही फैलकर फट सकते हैं.
परीक्षण: पूरी बैच तलने से पहले एक छोटा सा टुकड़ा तलकर देखें, इससे आपको तेल के तापमान और डो की क्वालिटी का अंदाजा लग जाएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क