Ghoda Pachad Snake: घोड़ा पछाड़ सांप का नाम सुनते ही लोग अक्सर डर जाते हैं. कई बार घरों या खेतों में जब यह तेजी से रेंगता हुआ दिखाई देता है तो लोग इसे किसी खतरनाक जहरीले सांप मानकर डरने लगते हैं. घोड़ा पछाड़ सांप को असली नाम इंडियन रैट स्नेक (Indian Rat Snake) है और इसे आम भाषा में 'धामन' भी कहा जाता है. अपनी स्पीड के कारण इसे यह खास नाम मिला है. हालांकि, यह जितना दिखने में डरावना या फुर्तीला लगता है, हकीकत में यह उतना ही शांत और इंसानों के लिए सुरक्षित होता है. तो आइए इस घोड़ा पछाड़ सांप के बारे में जान लीजिए.
क्यों पड़ा इसका नाम घोड़ा पछाड़?
इस सांप को 'घोड़ा पछाड़' कहने का कारण इसती तेज स्पीड है. यह सांप इतनी तेजी से और इतने बड़े कदम (लेंथ) लेकर चलता है कि लगता है जैसे कोई घोड़ा दौड़ रहा हो. इसकी लंबाई 8 से 10 फीट तक हो सकती है. लोग अक्सर इसे कोबरा समझने की गलती कर बैठते हैं लेकिन दोनों का पैटर्न और बर्ताव पूरी तरह अलग होता है. यह सांप जहरीला नहीं होता.
किसान का सबसे पक्का दोस्त
क्या आप जानते हैं कि घोड़ा पछाड़ सांप को 'किसान मित्र' भी कहा जाता है. दरअसल, यह सांप चूहों का सबसे बड़ा दुश्मन है. एक दिन में यह 20 से 30 चूहों का शिकार कर सकता है. खेती में चूहे फसल को भारी नुकसान पहुंचाते हैं और यह सांप उन्हें खाकर किसानों की फसल बचाने में बड़ी मदद करता है. घर के आसपास या खेतों में इसका दिखना एक तरह से नेचुरल पेस्ट कंट्रोल जैसा है.
क्या यह काटता है?
यह सांप स्वभाव से बहुत शर्मीला होता है. यह इंसान को बिना वजह कभी नहीं काटता. अगर इसे खतरा महसूस हो तो यह वहां से भाग जाना पसंद करता है. हालांकि, अगर इसे बहुत ज्यादा परेशान किया जाए या कोने में घेर लिया जाए तो यह रक्षा के लिए आक्रामक हो सकता है लेकिन इसका काटना जानलेवा नहीं होता क्योंकि इसमें कोई जहर नहीं होता.
अगर घर में दिखे तो क्या करें?
अगर कभी यह सांप आपके घर या बाथरूम में आ जाए तो घबराएं नहीं. तुरंत किसी स्नेक कैचर या एक्सपर्ट को कॉल करें. इसे मारना गलत है क्योंकि यह पर्यावरण के बैलेंस को बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है. याद रखें सांप तभी हमला करते हैं जब उन्हें खतरा महसूस हो. थोड़ा पैशेंस रखें, एक्सपर्ट को बुलाएं और इस बेजुबान जीव को सुरक्षित उसके नेचुरल ठिकाने यानी जंगल या खेत में रिलीज करने में मदद करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क