कोई भी जेनरेशन सिर्फ एक या दो शहरों तक सीमित नहीं होती. हर उम्र के लोग देश के हर क्षेत्र और बड़े-छोटे शहरों में रहते हैं. ठीक इसी तरह, जेन जी भी सिर्फ मेट्रो सिटी तक सीमित नहीं है. टियर-1, टियर-2 या टियर-3 शहर में रहने वाला युवा भी जेन जी का हिस्सा है.
हर जेनरेशन में ब्यूटी और मेकअप को लेकर क्रेज रहा है और जेन जी भी इससे अछूती नहीं है. महिलाएं स्किनकेयर और मेकअप पर काफी खर्च करती हैं. अच्छा दिखना किसे पसंद नहीं होता? हर कोई अपने बजट और पसंद के हिसाब से प्रोडक्ट्स खरीदता है. लेकिन क्या ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मांग सिर्फ बड़े शहरों में ज्यादा है? क्या अपनी पसंद के प्रोडक्ट्स खरीदने के लिए बड़े शहर में रहना जरूरी है?
छोटे शहरों में रहने वाले जेन जी के युवा भी सनस्क्रीन, सीरम, हेयर मास्क और कोरियन स्किनकेयर प्रोडक्ट्स पर खर्च कर रहे हैं. Myntra की रिपोर्ट 'ब्यूटी इन द एज और जेन जी' के मुताबिक, जेन जी न सिर्फ ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदने का तरीका बदल रही है, बल्कि यह भी तय कर रही है कि कंपनियां कौन से प्रोडक्ट्स बनाएं और उन्हें कैसे बेचें. रिपोर्ट बताती है कि छोटे शहरों से लेकर बड़े शहरों तक, जेन जी के बीच ब्यूटी और स्किनकेयर की मांग बढ़ रही है.
छोटे शहरों में बढ़ रही ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, Myntra पर ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदने वाले जेन जी ग्राहकों में से आधे टियर-2 और टियर-3 शहरों से आते हैं. ब्यूटी और पर्सनल केयर पर प्रति ग्राहक उनका खर्च पिछले साल के मुकाबले 1.2 गुना बढ़ा है. वहीं, मिलेनियल्स की तुलना में जेन जी के कुल खर्च में ब्यूटी और पर्सनल केयर की हिस्सेदारी 75 फीसदी ज्यादा है.
सनस्क्रीन से लेकर SPF प्रोडक्ट्स तक बढ़ा क्रेज
जेन जी ग्राहकों के बीच धूप से त्वचा को बचाने वाले प्रोडक्ट्स की मांग भी बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, SPF वाले प्रोडक्ट्स की खरीद में सालाना 60 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, स्प्रे सनस्क्रीन की खोज में 80 फीसदी, खास इंग्रीडिएंट्स वाले सनस्क्रीन की खोज में 70 फीसदी और टिंटेड सनस्क्रीन की खोज में 60 फीसदी का इजाफा हुआ है.
K-Beauty और हेयर मास्क की भी बढ़ी मांग
जेन जी ग्राहकों के बीच K-Beauty यानी कोरियन ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मांग भी तेजी से बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, इन प्रोडक्ट्स की मांग में सालाना 200 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि इनसे जुड़े सर्च 300 फीसदी से ज्यादा बढ़े हैं. वहीं, हेयर मास्क की खरीद में 110 फीसदी और पुरुषों के स्किनकेयर प्रोडक्ट्स के ऑर्डर में 78 फीसदी का इजाफा हुआ है.
जेन जी के लिए ब्यूटी खुद को जाहिर करने का तरीका
Myntra की हेड शेरॉन पाइस ने बताया कि ब्यूटी और पर्सनल केयर कंपनी के सबसे तेजी से बढ़ने वाले कारोबारों में से एक है. जेन जी के लिए ब्यूटी खुद को जाहिर करने का एक तरीका है. इसके जरिए वे अपना लुक तय करते हैं, अपनी पसंद दिखाते हैं और अपनी सोशल लाइफ का हिस्सा बनाते हैं.
उन्होंने बताया कि जेन जी मिनी प्रोडक्ट्स के जरिए प्रीमियम और इंटरनेशनल ब्रांड्स को आजमाती है. कंटेंट क्रिएटर्स और कोरियन ब्यूटी के जरिए नए ब्रांड्स के बारे में जानती है और प्रोडक्ट्स चुनते समय उनमें मौजूद इंग्रीडिएंट्स और उनके असर पर ध्यान देती है. उनके मुताबिक, जो ब्रांड्स ग्राहकों के लिए नए प्रोडक्ट्स खोजना आसान बनाएंगे और अपने प्रोडक्ट्स की क्वालिटी व इंग्रीडिएंट्स के जरिए भरोसा जीतेंगे, उनके आगे बढ़ने की संभावना ज्यादा होगी.
मिनी प्रोडक्ट्स से प्रीमियम ब्रांड्स को आजमा रहे युवा
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि प्रीमियम ब्यूटी प्रोडक्ट्स को आजमाने में छोटे पैक यानी मिनी प्रोडक्ट्स अहम भूमिका निभा रहे हैं. Myntra पर बिकने वाले लग्जरी ब्यूटी प्रोडक्ट्स की कुल यूनिट्स में मिनी प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी 14 फीसदी है. इनमें लिपस्टिक, परफ्यूम और फेस प्राइमर जैसे प्रोडक्ट्स प्रमुख हैं. मैक, कयाली, स्मैशबॉक्स और साल्वाटोर फेरागामो जैसे ब्रांड्स के आधे से ज्यादा नए ग्राहक मिनी प्रोडक्ट्स के जरिए आते हैं.
ब्यूटी ट्रेंड्स को लोगों तक पहुंचा रहे कंटेंट क्रिएटर्स
नए ब्यूटी प्रोडक्ट्स और ब्रांड्स को लोगों तक पहुंचाने में कंटेंट क्रिएटर्स की भी अहम भूमिका है. Myntra के मुताबिक, उसके प्लेटफॉर्म पर करीब 82 हजार एक्टिव ब्यूटी क्रिएटर्स हैं. वहीं, यूजर्स की ओर से बनाए जाने वाले ब्यूटी कंटेंट में सालाना 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. पिछले चार महीनों में ब्यूटी क्रिएटर के तौर पर रजिस्टर होने वाले नए लोगों में से करीब दो-तिहाई जेन जी से हैं.
टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी बढ़ रही स्किनकेयर की मांग
बड़े शहरों के अलावा टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी ब्यूटी प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ रही है. यहां के जेन जी युवा रोज इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स के साथ सीरम, टोनर, सनस्क्रीन और हेयर मास्क भी खरीद रहे हैं. लुधियाना, पटना, भोपाल, इंदौर, गुवाहाटी, सूरत, वाराणसी और इंफाल जैसे शहर इस बढ़ोतरी में योगदान दे रहे हैं.
प्रोडक्ट्स के इंग्रीडिएंट्स पर भी ध्यान दे रही जेन जी
रिपोर्ट के मुताबिक, जेन जी अब ब्यूटी प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल होने वाले इंग्रीडिएंट्स और उनके असर पर भी ज्यादा ध्यान दे रही है. सेंटेला एशियाटिका, कॉपर पेप्टाइड्स, एजेलाइक एसिड और पैंथेनॉल जैसे इंग्रीडिएंट्स को लेकर सर्च बढ़ रहे हैं. वहीं, जेल बेस्ड, बिना खुशबू वाले और त्वचा पर चिपचिपाहट न छोड़ने वाले प्रोडक्ट्स की मांग भी बढ़ रही है.
ब्यूटी प्रोडक्ट्स को दोबारा खरीदने का चलन बढ़ा
जेन जी के बीच पसंद आने वाले प्रोडक्ट्स को दोबारा खरीदने का चलन भी बढ़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल Myntra पर जेन जी के दोबारा खरीदारी करने वाले ऑर्डर में करीब 70 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. रिपोर्ट यह भी बताती है कि प्लेटफॉर्म पर ऑर्डर की जाने वाली हर पांच यूनिट में से लगभग एक यूनिट ब्यूटी प्रोडक्ट्स की होती है.
छोटे शहरों में भी जेन जी अब ब्यूटी और स्किनकेयर को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो रही है. वे सिर्फ ट्रेंड्स को फॉलो नहीं कर रही, बल्कि अपनी त्वचा की जरूरतों के हिसाब से प्रोडक्ट्स चुन रही हैं. सोशल मीडिया, ऑनलाइन शॉपिंग और नए ब्रांड्स तक आसान पहुंच ने उनके लिए ब्यूटी की दुनिया के दरवाजे खोल दिए हैं. अब खूबसूरती और स्किनकेयर की पसंद सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गई है.
aajtak.in