Halwai Style Mango Milk Peda: घर में पड़ा है सिर्फ 1 आम? झटपट बनाएं मैंगो मिल्क पेड़ा, हर बाइट मुंह में घुल जाएगी

Mango Milk Peda Recipe: आम के सीजन में अगर कुछ मीठा और खास ट्राई करना चाहते हैं, तो घर पर आसानी से मुंह में घुल जाने वाले मैंगो मिल्क पेड़े बना सकते हैं. दूध, मिल्क पाउडर और पके आम से बनी ये हलवाई स्टाइल मिठाई बेहद लाजवाब लगती है.

Advertisement
आम के पेड़े खाने में स्वादिष्ट और बहुत सॉफ्ट लगते हैं. (Photo: ITG) आम के पेड़े खाने में स्वादिष्ट और बहुत सॉफ्ट लगते हैं. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:18 PM IST

Mango Milk Peda Recipe: आम के सीजन में बाजारों के साथ ही घरों में भी खूब सारे आम आते हैं. इस दौरान लोग ना सिर्फ आम खाते हैं, बल्कि उससे कई तरह की रेसिपीज भी बनाते हैं. मैंगो शेक से लेकर आम पन्ना तक लोग खूब चाव से बनाते और खाते हैं. इन सभी चीजों के साथ ही आम से कुछ मीठा भी बनाया जा सकता है, जिसका स्वाद लोगों को पूरे साल याद रहेगा. जी हां, अगर आप रोज-रोज आम काटकर खाने से बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार घर पर मैंगो मिल्क पेड़ा जरूर बनाएं.

खास बात ये है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती और इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि हर कोई इसकी तारीफ करेगा. सबसे अच्छी बात ये है कि ये पेड़े इतने मुलायम बनते हैं कि मुंह में रखते ही घुल जाते हैं. चलिए जानते हैं कैसे घर में रखे कुछ इंग्रेडिएंट्स की मदद से आप बिल्कुल हलवाई जैसे पेड़े बना सकते हैं.

मैंगो मिल्क पेड़ा बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स:

Advertisement
  • 1 लीटर फुल क्रीम दूध
  • 2 बड़े चम्मच विनेगर
  • 1 पका हुआ आम
  • 1/2 कप चीनी (स्वादानुसार)
  • 1 कप मिल्क पाउडर
  • 2-3 बड़े चम्मच दूध
  • 1 बड़ा चम्मच घी
  • 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • कुछ केसर के रेशे
  • 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा पिस्ता (गार्निश के लिए)

बनाने का तरीका:

1. मैंगो मिल्क पेड़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 1 लीटर दूध उबाल लें. जब दूध उबलने लगे तो गैस बंद कर दें और सफेद सिरका डालकर दूध फाड़कर छेना बना लें. अब इसे मलमल के कपड़े या छलनी से छान लें.

2. दूध फाड़कर निकलने छेने को 2-3 बार ठंडे पानी से धो लें, ताकि सफेद सिरके की गंध निकल जाए. इसके बाद एक्स्ट्रा पानी निचोड़कर अलग रख दें.

3. आम को छीलकर टुकड़ों में काट लें. ब्लेंडर जार में आम के टुकड़े, तैयार छेना, चीनी और इलायची पाउडर डालें. सभी चीजों को ब्लेंड करके एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.

4. एक नॉन-स्टिक पैन में घी गर्म करें. इसमें दूध और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें आम और छेने का तैयार मिश्रण डाल दें.

5. इसमें केसर भी मिला दें. मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक ये गाढ़ा होकर गुंथे आटे जैसा न हो जाए और पैन छोड़ने न लगे.

6. जब मिश्रण तैयार हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें. मिश्रण के छोटे-छोटे हिस्से लेकर हाथों से गोल या चपटे पेड़े की शेप दें.

7. तैयार पेड़ों के ऊपर केसर के रेशे और कटा पिस्ता लगाकर सजाएं. स्वादिष्ट और मुलायम मैंगो मिल्क पेड़ा सर्व करने के लिए तैयार है.

टिप: अगर आम ज्यादा मीठा हो तो चीनी की मात्रा कम रख सकते हैं. पेड़ों को 1-2 घंटे फ्रिज में रखने के बाद खाने पर इनका स्वाद और भी बेहतर लगता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »