Achari Bhindi Recipe: बेसन और देसी मसाले डाल ऐसे बनाएं अचारी भिंडी, रोटी-चावल का स्वाद हो जाएगा दोगुना
भिंडी की सब्जी गर्मियों में हर घर में बनाई जाती है, लेकिन अगर आप भी एक जैसी बोरिंग भिंडी की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं. तो आज हम आपको एक ऐसी भिंडी की रेसिपी बताने वाले हैं, जिसे एक बार खाने के बाद आप हमेश ही उसको ही बनाएंगे. आइए जानते हैं कि अचारी भिंडी मसाला कैसे बनाते हैं.
Achari Bhindi Masala Recipe: घर में रोजाना बनने वाली सब्जी का स्वाद एक टाइम पर आकर बोर करने लगता है, खासतौर पर गर्मी के मौसम में तो आमतौर पर लौकी, भिंडी की सब्जियां खाकर लोग पक जाते हैं. भिंडी की सब्जी गर्मियों के लिए बेस्ट मानी जाती है, क्योंकि एक तो इसे बनाने में समय नहीं लगता है और दूसरा इसका स्वाद भी बढ़िया होता है.
Advertisement
मगर भिंडी की सादा सब्जी खाकर अगर आपका भी मन भर गया है तो आप गर्मी के इस मौसम में भिंडी को चटपटा ट्विस्ट दे सकते हैं. अचारी भिंडी मसाला आपके लिए एकदम सही सब्जी है, जिसे आप आराम से घर पर बना सकते हैं.
यह सादी भिंडी से काफी अलग और टेस्टी भी होती है. अचार वाले मसालों की खुशबू और भिंडी का स्वाद मिलकर इस डिश को बेहद खास बना देते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है.
अचारी भिंडी मसाला के लिए तैयार करें ये इंग्रेडिएंट्स
कलौंजी – 1 छोटा चम्मच
मेथी दाना – 1 छोटा चम्मच
जीरा – 1 छोटा चम्मच
सौंफ – 1 छोटा चम्मच
राई – 1 छोटा चम्मच
बेसन – 2 बड़े चम्मच
तेल – 2 बड़े चम्मच
राई – 1/2 छोटा चम्मच
कटी हुई भिंडी – 250 ग्राम
पतला कटा प्याज – 1 छोटा
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
हरा धनिया
नमक
अचारी भिंडी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले एक पैन को हल्का गर्म करें और उसमें कलौंजी, मेथी दाना, जीरा, सौंफ और राई डालकर धीमी आंच पर सूखा भून लें.
जब मसालों से खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा करके दरदरा पीस लें. इसी मसालेसे सब्जी को अचारी फ्लेवर मिलता है.
अब उसी पैन में एक बड़ा चम्मच बेसन डालकर हल्का उसको गोल्डन होने तक भून लें और अलग रख दें.
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें आधा छोटा चम्मच राई डालें. राई चटकने लगे तो कटा प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भून लें.
अब इसमें कटी हुई भिंडी डालें और मिडियम फ्लेम पर पांच से सात मिनट तक पकाएं. जब तक भिंडी का चिपचिपापन कम हो जाए.
फिर भिंडी में हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मिलाएं. इसके बाद तैयार किया हुआ अचारी मसाला और भुना बेसन डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें.
अचारी मसाला और भिंडी को मिलाने के बाद करीब दो से तीन मिनट तक स्लो फ्लेम पर पकाएं और फिर गैस बंद कर दें.
आखिर में ऊपर से हरा धनिया डालकर मिलाएं और इस सब्जी को आप रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोसे.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क