Floor Cleaning Tips: पोछा लगाने के बाद भी फर्श पर दिखते हैं जूते-चप्पलों के काले निशान? इन 4 तरीकों से चुटकियों में करें साफ

Floor Cleaning Tips: जूते-चप्पलों और फर्नीचर की रगड़ से फर्श पर जगह-जगह काले निशान पड़ गए हैं, जो बार-बार पोछा लगाने के बाद भी साफ नहीं हो रहे? ऐसे निशान घर के साफ-सुथरे फर्श को भी गंदा दिखाने लगते हैं. जानिए मेलामाइन स्पंज, रबर इरेजर और बेकिंग सोडा समेत 4 आसान घरेलू तरीके, जिनकी मदद से बिना महंगे क्लीनर के इन जिद्दी निशानों को साफ करने में मदद मिल सकती है. साथ ही जानें, फर्श पर दोबारा ऐसे निशान पड़ने से कैसे बचाएं.

Advertisement
फर्श पर पड़े काले निशान साफ करने के लिए रबर का इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG) फर्श पर पड़े काले निशान साफ करने के लिए रबर का इस्तेमाल किया जा सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:30 PM IST

घर की सफाई करने के बाद भी अगर फर्श पर जगह-जगह काले निशान दिखाई दे रहे हैं, तो पूरा घर साफ होने के बावजूद गंदा नजर आता है. खासकर सफेद, क्रीम या हल्के रंग के फर्श पर जूते-चप्पलों के निशान जल्दी नजर आने लगते हैं. कई बार पोछा लगाने और साबुन से रगड़ने के बाद भी ये निशान जाने का नाम नहीं लेते. ऐसे में लोग इन्हें हटाने के लिए महंगे फ्लोर क्लीनर खरीदने लगते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में रखी कुछ आम चीजों की मदद से भी इन जिद्दी निशानों को हल्का किया जा सकता है? इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी.

Advertisement

दरअसल, जूते-चप्पलों के रबर वाले सोल जब फर्श से बार-बार रगड़ खाते हैं, तो पीछे काले निशान छोड़ देते हैं. कई बार कुर्सी, टेबल या दूसरे फर्नीचर को खिसकाने से भी ऐसी लकीरें बन जाती हैं. अगर आपके घर के फर्श पर भी ऐसे निशान पड़ गए हैं, तो ये 4 आसान तरीके काम आ सकते हैं.

1. मेलामाइन स्पंज से साफ करें जिद्दी निशान: फर्श पर बने काले निशानों को हटाने के लिए मेलामाइन स्पंज यानी इरेजर स्पंज का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसकी खास बनावट फर्श पर चिपके रबर के निशानों और गंदगी को हटाने में मदद करती है. इसके लिए स्पंज को हल्का गीला करें और निशान वाली जगह पर धीरे-धीरे रगड़ें. इसके बाद साफ कपड़े से उस जगह को पोंछ दें. ध्यान रखें कि इसे बहुत जोर से न रगड़ें, क्योंकि कुछ फर्श पर खरोंच या फिनिश खराब होने का खतरा हो सकता है.

Advertisement

2. साफ जूते से भी हट सकते हैं काले निशान: सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन जूते से पड़े निशान हटाने के लिए एक साफ जूते की मदद भी ली जा सकती है. इसके लिए हल्के रंग के साफ रबर सोल वाले जूते की एड़ी को निशान वाली जगह पर धीरे-धीरे रगड़ें. कई बार इससे फर्श पर बना काला निशान हल्का पड़ जाता है. हालांकि, ध्यान रहे कि गंदे या गहरे रंग के सोल वाले जूते का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, वरना फर्श पर नए निशान पड़ सकते हैं.

3. रबर इरेजर आएगा काम: जिस रबर से आप पेंसिल के निशान मिटाते हैं, वह फर्श पर पड़े रबर के निशानों को हटाने में भी मदद कर सकता है. सबसे पहले एक साफ गीले कपड़े से निशान वाली जगह को पोंछ लें. इसके बाद सूखी सतह पर रबर इरेजर को हल्के हाथ से रगड़ें. धीरे-धीरे काले निशान हल्के होने लग सकते हैं. सफाई के बाद रबर के छोटे-छोटे टुकड़ों को कपड़े से हटा दें. लकड़ी या नाजुक फिनिश वाले फर्श पर इसे इस्तेमाल करने से पहले किसी छिपी हुई जगह पर जरूर चेक कर लें.

4. बेकिंग सोडा से करें सफाई: काले निशान ज्यादा पुराने और जिद्दी हैं, तो बेकिंग सोडा भी आजमा सकते हैं. इसके लिए थोड़े से बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें. अब इसे निशान वाली जगह पर लगाएं और मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ें. कुछ देर बाद साफ गीले कपड़े से पेस्ट हटा दें. आखिर में फर्श को सूखे कपड़े से पोंछ लें. हालांकि, बेकिंग सोडा हल्की फ्रिक्शन कर सकता है, इसलिए इसे चमकदार, पॉलिश वाले या नाजुक सरफेस पर बिना चेक करे इस्तेमाल न करें.

Advertisement

इन बातों का भी रखें ध्यान
कई बार लोग काले निशान हटाने के लिए सिरका और पानी का घोल भी इस्तेमाल करते हैं. लेकिन यह हर तरह के फर्श के लिए सेफ नहीं होता. कुछ तरह का फर्श इससे खराब हो सकता है. खासकर मार्बल, नेचुरल पत्थर और कुछ लकड़ी के फर्श पर सिरका नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए फर्श के बारे में जाने बिना इसका इस्तेमाल करने से बचें.

अगर घरेलू तरीकों से भी निशान साफ नहीं हो रहे हैं, तो फर्श के हिसाब से सही क्लीनर का इस्तेमाल करें. किसी भी नए क्लीनर या घरेलू नुस्खे को पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.

दोबारा न पड़ें फर्श पर काले निशान, अपनाएं ये आदतें
बार-बार फर्श साफ करने की परेशानी से बचना है, तो कुछ छोटी आदतें अपनाना जरूरी है. घर के अंदर बाहर वाले जूते-चप्पल पहनकर घूमने से बचें. दरवाजे के पास डोरमैट बिछाएं और बाहर से आने पर जूते वहीं उतारें. इसके अलावा कुर्सी, टेबल और दूसरे फर्नीचर के पैरों में रबर या फेल्ट पैड लगाएं. इससे फर्नीचर खिसकाने पर फर्श पर रगड़ के निशान पड़ने की आशंका कम होगी. समय-समय पर फर्श की सफाई करते रहें, ताकि धूल-मिट्टी और दूसरी गंदगी जमा न हो.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »