Brass Cleaning Easy Tricks: पितृ पक्ष खत्म होने वाले हैं और नवरात्रि की शुरुआत होने वाली है. ऐसे में लोग अपने-अपने घर के मंदिर की साफ-सफाई में जुट जाते हैं. नवरात्रि के नौ दिनों में देवी दुर्गा की पूजा की जाती है, इसलिए मंदिर में रखी पीतल और तांबे की मूर्तियों, घंटियों, लोटे, थाली और दीयों की भी अच्छी तरह सफाई की जाती है. लेकिन इन बर्तनों और मूर्तियों को साफ करना हर बार आसान नहीं होता.
दरअसल, पीतल और तांबे की चीजें समय के साथ हवा, नमी और दूसरी चीजों के संपर्क में आने से काली या धुंधली पड़ने लगती हैं. कई बार इन पर गंदगी और दाग भी जम जाते हैं. ऐसे में घंटों रगड़ने के बाद भी मूर्तियां और बर्तन पहले जैसी चमक नहीं पा पाते. अगर आपके घर में भी पीतल की घंटी, पूजा की थाली या पुराने दीये रखे हैं, तो उन्हें साफ करने के लिए कुछ आसान घरेलू तरीके आजमा सकते हैं.
नींबू और नमक से करें सफाई
अगर आपके मंदिर में रखे पीतल और तांबे के बर्तनों में हल्की कालिख और दाग हैं तो उनको हटाने के लिए नींबू और नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए आधे नींबू पर थोड़ा नमक लगाएं और बर्तन की सतह पर धीरे-धीरे रगड़ें. कुछ मिनट बाद साफ पानी से धो लें और सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें. ध्यान रखें कि इस पेस्ट को ज्यादा देर तक धातु पर न छोड़ें.
इमली से चमकाएं पीतल और तांबे के बर्तन
मंदिर में रखीं पीतल-तांबे की मूर्तियां, घंटी,थाली को चमकाने के लिए इमली का यूज भी कर सकते हैं. इसमें प्राकृतिक अम्ल होते हैं, जो धातु की सतह पर जमी कुछ तरह की परत और दाग हटाने में मदद कर सकते हैं. इसके लिए थोड़ी इमली को पानी में भिगोकर उसका गूदा निकाल लें. इसे बर्तन पर लगाकर हल्के हाथों से रगड़ें और फिर पानी से अच्छी तरह धो लें. आखिर में सूखे कपड़े से बर्तन को पोंछ दें. इस तरीके को अपनाने से पहले बर्तन के किसी छोटे हिस्से पर इसे आजमाना बेहतर है.
आटे, नमक और सिरके का मिश्रण
अगर पीतल की थाली या लोटे पर कई बार दाग जम जाते हैं, ऐसे में उनको साफ करने के लिए आप आटा, नमक और सफेद सिरका मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना सकते हैं. इस पेस्ट को बर्तन पर लगाएं और कुछ मिनट बाद मुलायम कपड़े से साफ करें. इसके बाद बर्तन को अच्छी तरह धोकर सुखा लें.
बेकिंग सोडा से हटाएं हल्के दाग
क्लीनिंग में बेकिंग सोडा किसी जादू की तरह काम करता है, पूजा वाले बर्तनों और मूर्ति को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और पानी मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें. इसे बर्तन के किसी छोटे हिस्से पर लगाकर देखें कि उसकी सतह पर कोई असर तो नहीं पड़ रहा. अगर सब ठीक रहे, तो मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से सफाई करें. इसके बाद पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें. ज्यादा जोर से रगड़ने से बर्तन पर खरोंच आ सकती है, इसलिए सावधानी से साफ करें.
गर्म पानी और डिशवॉश से करें शुरुआती सफाई
अगर मंदिर के बर्तनों पर तेल, धूल या पूजा सामग्री के निशान लगे हैं, तो सबसे पहले उन्हें हल्के गुनगुने पानी में डुबोकर छोड़ दीजिए. फिर उनको थोड़े से बर्तन धोने वाले साबुन से रगड़कर साफ कर लें. हालांकि सफाई के लिए मुलायम स्पंज या कपड़े का इस्तेमाल करना सही रहेगा. इसके बाद साफ पानी से धोकर सुखा लें. कई बार सतह पर जमी सामान्य गंदगी हटने के बाद बर्तन पहले से ज्यादा साफ दिखाई देने लगते हैं.
सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान
नवरात्रि से पहले मंदिर की सफाई करते समय इन आसान तरीकों की मदद से पीतल और तांबे के बर्तनों को चमका सकते हैं. हालांकि, हर धातु और उसकी सतह अलग होती है, इसलिए किसी भी नुस्खे को पूरे बर्तन पर इस्तेमाल करने से पहले छोटे हिस्से पर जांच जरूर कर लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क