बॉलीवुड की मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है. फिल्म में कौन सा सितारा किस किरदार में नजर आने वाला है, इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी एक्साइटमेंट है. फिल्म 5 नवंबर 2026 को टिकट खिड़की पर दस्तक देने जा रही है. सिनेमा हॉल सज चुके हैं, बस इंतजार है तो रिलीज का. इसी बीच 3 नवंबर को मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जहां बॉलीवुड और टीवी जगत की कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं. लेकिन इस दौरान जिस कपल ने अपने स्टाइल से खास ध्यान खींचा, वो थे अभिनेता रवि दुबे और उनकी पत्नी सरगुन मेहता. दोनों हाथों में हाथ डालकर स्क्रीनिंग में पहुंचे, जिसमें वो कमाल लग रहे थे.
खास बात ये है कि रवि फिल्म में भगवान राम के छोटे भाई 'लक्ष्मण' का किरदार निभा रहे हैं. ऐसे में स्क्रीनिंग पर उनका अंदाज भी काफी खास नजर आया. दोनों ने इस मौके पर वेस्टर्न की जगह एथनिक आउटफिट्स को चुना और अपने रॉयल देसी लुक से महफिल लूट ली. चलिए जानते हैं रवि और सरगुन ने क्या पहना.
ब्लैक बंदगला पहनकर पहुंचे रवि दुबे, मूंछों वाले लुक में दिखे रॉयल
स्क्रीनिंग के लिए रवि दुबे ने ब्लैक कलर का एथनिक आउटफिट चुना. उन्होंने काले रंग का क्लासिक कुर्ता पहना था, जिसके ऊपर मैचिंग बंदगला स्टाइल जैकेट कैरी की. जैकेट पर लगे मेटैलिक बटन उनके पूरे लुक को रॉयल टच दे रहे थे. वहीं, कुर्ते और बंदगले का कॉम्बिनेशन उन्हें काफी क्लासी लुक दे रहा था.
रवि ने अपने आउटफिट के साथ ब्लैक फॉर्मल शूज पहने, जो उनके लुक के साथ अच्छी तरह मैच कर रहे थे. रवि दुबे का स्क्रीनिंग के दौरान मूंछों वाला अंदाज देखने को मिला, जो उनके लुक को और दमदार बना रहा था. बिना ज्यादा एक्सेसरीज के भी रवि का यह सिंपल लेकिन रॉयल अवतार काफी शानदार लग रहा था. कैमरे के सामने उनके कॉन्फिडेंट अंदाज ने भी लोगों का ध्यान खींचा.
सी-ग्रीन सिल्क साड़ी में सरगुन ने बिखेरा जलवा
वहीं, रवि दुबे की पत्नी और एक्ट्रेस सरगुन मेहता भी अपने ट्रेडिशनल लुक से किसी से कम नहीं लगीं. उन्होंने इस खास मौके के लिए सी-ग्रीन और गोल्डन टोन वाली खूबसूरत सिल्क साड़ी चुनी. साड़ी पर बने ट्रेडिशनल ब्रोकेड डिजाइन और गोल्डन डिटेलिंग थी, जो इसे बेहद रिच और एलिगेंट लुक दे रहे थे. सरगुन ने इसे मैचिंग शॉर्ट स्लीव ब्लाउज के साथ पहना, जो उनके पूरे लुक को खूबसूरती से कॉम्प्लीमेंट कर रहा था.
साड़ी के साथ सरगुन ने गोल्डन झुमके पहने. हाथों में खूबसूरत कंगन और साथ में ट्रेडिशनल पोटली बैग उनके देसी लुक को और खास बना रहे थे. उन्होंने जूलरी और एक्सेसरीज को ज्यादा हैवी नहीं रखा, जिससे साड़ी की खूबसूरती भी उभरकर सामने आई. सरगुन की स्टाइलिंग की बात करें तो उन्होंने अपने लुक को काफी सॉफ्ट और एलिगेंट रखा.
एथनिक लुक में रवि-सरगुन की जोड़ी ने खींचा ध्यान
रवि और सरगुन दोनों ने अपने ट्रेडिशनल आउटफिट्स से एक-दूसरे के लुक को बखूबी कॉम्प्लीमेंट किया. जहां रवि ब्लैक बंदगले में काफी रॉयल और हैंडसम लग रहे थे, वहीं सरगुन सी-ग्रीन और गोल्डन साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखीं. दोनों के कपड़ों के रंग अलग थे, लेकिन उनकी जोड़ी काफी शानदार लग रही थी. स्क्रीनिंग में दोनों का देसी अंदाज लोगों को खूब पसंद आया. उनका यह लुक बताता है कि बिना ज्यादा तामझाम के भी ट्रेडिशनल कपड़ों में स्टाइलिश और रॉयल दिखा जा सकता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क