कर्नाटक सरकार ने राजधानी बेंगलुरु से कुछ दूर रामनगर के पास एआई सिटी बसाने का ऐलान किया है. सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना बिदादी एआई सिटी के विरोध में किसान अब खुलकर उतर आए हैं. एक दिन पहले इस परियोजना के लिए जमीन का सर्वे करने पहुंची राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रशासनिक अमले को किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. टीम को बिना सर्वे किए ही वापस लौटना पड़ा. इसे लेकर अब सरकार सख्त हो गई है.
बिदादी पुलिस ने इसे लेकर 20 से अधिक किसानों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. किसानों पर जॉइंट मेजरमेंट कमेटी (जेएमसी) के सर्वेक्षण में कथित रूप से बाधा डालने, सरकारी अधिकारियों के साथ मारपीट करने के साथ ही हत्या के प्रयास का भी आरोप लगाया गया है. तहरीर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने दी है.
इसमें आरोप है कि किसानों ने सरकारी कर्मचारियों को उनका काम करने से रोका. राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किसानों पर सर्वे करने गई टीम के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया है. राजस्व विभाग के अधिकारियों की तहरीर पर बिदादी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ अपराध करने के उद्देश्य से अवैध जमावड़ा, शांति भंग के इरादे से अपमान का आरोप है.
यह भी पढ़ें: 'हमारी जमीन बचाइए...' राहुल गांधी को किसानों की खुली चिट्ठी, कर्नाटक में बिदादी टाउनशिप पर बवाल
किसानों पर आपराधिक धमकी देने, मारपीट करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. सरकारी कर्मचारी को अपनी ड्यूटी से रोकने के उद्देश्य से हमला करने, किसी महिला पर हमला करने या उसके खिलाफ आपराधिक बल का प्रयोग करने की धाराएं भी आरोपियों पर लगाई गई हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: रुई जैसी नरम और प्लेट जितनी बड़ी! आखिर क्यों इतनी फेमस है कर्नाटक की 'थट्टे इडली'? नोट करें बिदादी स्टाइल रेसिपी
प्रशासन ने सर्वे पर लगाई रोक
बिदादी एआई सिटी के लिए सर्वे करने पहुंची टीम के साथ मारपीट की घटना के बाद प्रशासन भी अब अलर्ट मोड में आ गया है. जिला प्रशासन ने जेएमसी सर्वे को अस्थायी रूप से रोकने का ऐलान कर दिया है. अधिकारियों ने सर्वे का काम दोबारा शुरू करने से पहले प्रदर्शनकारी किसानों के साथ बातचीत करने का ऐलान किया है. बिदादी टाउनशिप परियोजना के दायरे में आ रहे कई गांवों के किसान अब भी विरोध पर अड़े हैं. किसानों ने सर्वे फिर से शुरू होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.
सगाय राज