अमेरिका में फिर दिखा नंबर- '8647', क्यों ट्रंप इसे मानते हैं हत्या का संकेत?

अमेरिका में फिर 8647 नंबर दिखाई दिया है, जिसे कभी डोनाल्ड ट्रंप ने हत्या से जोड़ा था. तो समझते हैं आखिर इस शब्द का क्या मतलब है?

Advertisement
 अमेरिका में 8647 नंबर एक बार फिर दिखा है. (Photo: Reuters) अमेरिका में 8647 नंबर एक बार फिर दिखा है. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:56 AM IST

अमेरिका समेत दुनियाभर में एक नंबर की काफी चर्चा हो रही है और वो है 8647. दुनियाभर के मीडिया पब्लिकेशन में भी 8647 को लेकर खबरें छप रही हैं. दरअसल, इस नंबर में चर्चा आने की वजह ये है कि अमेरिका के नेशनल मॉल के गार्डन में बड़ा सा 8647 लिखा हुआ दिखाई दिया है. अमेरिकी आंतरिक मामलों के विभाग ने बताया है कि वो वाशिंगटन डीसी में नेशनल मॉल के परिसर में बने इस '8647' नंबर की जांच कर रहे हैं.अब लोगों के मन में सवाल है कि आखिर इस नाम का क्या मतलब है और इसका अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से क्या कनेक्शन है. तो समझते हैं 8647 का खेल है क्या?

Advertisement

दरअसल, रॉयटर्स के एक फोटोग्राफर ने दूसरे वर्ल्ड वॉर स्मारक के पास घास में एक निशान देखा, जो कुछ ही समय पहले बना था. इस निशान में साफ 8647 समझ आ रहा है. इसमें आठ, छह और सात अंक दिखाई दे रहे हैं, लेकिन चार साफ नहीं दिख रहा है. अब इसकी जांच के लिए अमेरिकी पार्क पुलिस और नेशनल गार्ड के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे हैं और इसकी जांच कर रहे हैं कि आखिर ये किसने लिखा है. 

अब विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि राष्ट्रपति के खिलाफ किसी भी तरह की धमकी को विभाग की ओर से बहुत गंभीरता से लिया जाता है और हमारी यूएस पार्क पुलिस इस घटना की जांच करेगी.यह अभी स्पष्ट नहीं है कि घास पर ये निशान कैसे बने. कुछ जगहों पर घास भूरी होकर संख्याओं की आकृति बना रही थी, जो आसपास की हरी घास से बिल्कुल अलग थी. अमेरिकी पार्क पुलिस ने कहा कि घास के रंग में बदलाव का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.

Advertisement

क्या है 8647 की कहानी?

बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोधियों की ओर से उनके विरोध में इस नंबर का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में इस नंबर को उनके विरोध के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, इसे ट्रंप के खिलाफ हिंसा के तौर पर भी देखा जाता है. इसमें 86 नंबर को अमेरिकी स्लैंग (विशेषकर रेस्टोरेंट इंडस्ट्री) से जोड़ा जाता है, जिसका मतलब होता है 'हटा देना', 'निकाल देना' या 'रिजेक्ट कर देना'. अक्सर "86" का प्रयोग किसी को नशे में धुत या बदतमीजी करने पर बार से बाहर निकालने के रूप में किया जाता है. इसके साथ ही 47 का कनेक्शन डोनाल्ड ट्रंप से है, क्योंकि वो अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति हैं. 

इस तरह 8647 का अर्थ आम तौर पर '47वें राष्ट्रपति ट्रंप को हटाओ' या ट्रंप का विरोध माना जाता है. ट्रंप के समर्थक और कुछ सरकारी अधिकारी इसे अधिक आक्रामक या संभावित धमकी के रूप में भी देखते हैं, जबकि इसके इस्तेमाल करने वाले कई लोग इसे केवल राजनीतिक विरोध का प्रतीक बताते हैं. अब पुलिस इसकी जांच कर रही है. 

पहले भी हो चुका है 8647 जिक्र

ऐसा नहीं है कि पहली बार 8647 का इस्तेमाल हुआ है. पिछले साल मई में भी पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कॉमी के एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने इस नंबर को चर्चा में ला दिया था. उस वक्त कॉमी ने ने समुद्र तट पर सीपियों से बने "8647" नंबर की एक तस्वीर पोस्ट की थी. ये फोटो वायरल हो गई थी. इसके बाद खुद ट्रंप ने भी इस पर रिएक्ट किया था.

Advertisement

फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था, 'वो अच्छी तरह जानते थे कि इसका क्या मतलब है. एक बच्चा भी समझ सकता है कि इसका क्या मतलब है. अगर आप एफबीआई निदेशक हैं और आप नहीं जानते कि इसका क्या मतलब है? इसका मतलब था हत्या. और यह बात साफ-साफ लिखी हुई है.'

इसके बाद कॉमी से पूछताछ भी की गई थी. अब जांच के बाद पता चलेगा कि नेशनल मॉल में ये नंबर किसने लिखा और इसके पीछे की क्या मंशा थी. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »