Psychology Facts: बर्थ-डे सेलिब्रेट करना पसंद नहीं करते! ऐसे लोगों के दिमाग में क्या चलता रहता है?

Psychology Facts: जन्मदिन को आमतौर पर खुशी और जश्न का दिन माना जाता है, लेकिन कुछ लोगों के लिए यही दिन उदासी और अकेलेपन  की वजह बन जाता है. इसके पीछे बीते साल का हिसाब, अधूरी उम्मीदें, दूसरों से तुलना, पुराने रिश्तों की याद और उम्र बढ़ने का एहसास जैसी कई वजहें हो सकती हैं.

Advertisement
 जन्मदिन के दिन किसी व्यक्ति के व्यवहार को देखकर उसकी नेचर के बारे में फैसला नहीं किया जा सकता. ( Photo: ITG) जन्मदिन के दिन किसी व्यक्ति के व्यवहार को देखकर उसकी नेचर के बारे में फैसला नहीं किया जा सकता. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:28 PM IST

Psychology Facts:  जन्मदिन का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. बचपन में तो जन्मदिन का इंतजार कई दिनों पहले से शुरू हो जाता था. नए कपड़े, पसंद का खाना, केक, दोस्तों की बधाई और परिवार के साथ बिताया समय इस दिन को खास बना देता था. लेकिन उम्र बढ़ने के साथ हर किसी के लिए जन्मदिन खुशी का दिन नहीं रह जाता. कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें जन्मदिन आते ही किसी से मिलने का मन नहीं करता. वे फोन से दूर रहना चाहते हैं और शोर-शराबे या पार्टी के बजाय अकेले रहना पसंद करते हैं. कई बार उन्हें खुद भी समझ नहीं आता कि जिस दिन खुश होना चाहिए, उसी दिन मन इतना भारी क्यों हो जाता है. दरअसल, इसके पीछे कई इमोशनल और साइंटिफिक वजहें हो सकती हैं.

Advertisement

जन्मदिन पर शुरू हो जाता है अपनी जिंदगी का हिसाब
साइकोलॉजिस्ट नीतू दुर्गेश कहती हैं कि आम दिनों में हम अपनी जिंदगी के बारे में लगातार बैठकर सोचते नहीं रहते, लेकिन जन्मदिन आते ही व्यक्ति अनजाने में पिछले एक साल का हिसाब लगाने लगता है. उसे याद आने लगता है कि उसने क्या हासिल किया, कौन-से सपने पूरे हुए और कौन-सी इच्छाएं अभी भी अधूरी हैं. अगर किसी व्यक्ति को लगता है कि वह अपनी उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ पाया, तो जन्मदिन उसके लिए खुशी के बजाय निराशा लेकर आ सकता है. उसे ऐसा महसूस हो सकता है कि एक और साल बीत गया, लेकिन वह अभी भी वहीं खड़ा है जहां पहले था. यही सोच धीरे-धीरे जन्मदिन की खुशी पर भारी पड़ सकती है.

दूसरों से अपनी जिंदगी की तुलना करने लगते हैं
जन्मदिन के आसपास सोशल मीडिया भी इस भावना को बढ़ा सकता है. किसी की तस्वीरों में दोस्तों की भीड़ दिखाई देती है, किसी को परिवार से शानदार सरप्राइज मिलता है और कोई अपने जन्मदिन पर घूमने या पार्टी करने की तस्वीरें शेयर करता है. इन्हें देखकर व्यक्ति अनजाने में अपनी जिंदगी की तुलना दूसरों से करने लगता है. उसे लग सकता है कि दूसरे लोगों के पास ज्यादा दोस्त हैं, उन्हें ज्यादा प्यार मिलता है या उनकी जिंदगी उससे कहीं बेहतर है. जबकि सच यह है कि सोशल मीडिया पर किसी की पूरी जिंदगी नहीं दिखाई देती. वहां अक्सर वही पल दिखाए जाते हैं जो अच्छे और खूबसूरत होते हैं. लेकिन उस समय व्यक्ति अपनी पूरी जिंदगी की तुलना किसी दूसरे की चुनी हुई कुछ अच्छी तस्वीरों से करने लगता है और इससे अकेलेपन या कमी का एहसास बढ़ सकता है.

Advertisement

जन्मदिन को लेकर ज्यादा उम्मीदें भी दुख दे सकती हैं
जन्मदिन को लेकर लोगों के मन में कई तरह की उम्मीदें होती हैं. किसी को उम्मीद होती है कि कोई खास व्यक्ति उसे सबसे पहले बधाई देगा, कोई उसके लिए सरप्राइज रखेगा या परिवार और दोस्त इस दिन को खास बनाएंगे. लेकिन जब चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं होतीं तो व्यक्ति को सिर्फ बधाई कम मिलने का दुख नहीं होता, बल्कि उसे यह भी लग सकता है कि शायद लोग उसे उतनी अहमियत नहीं देते जितनी वह दूसरों को देता है. यही वजह है कि जन्मदिन पर छोटी-सी बात भी सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा बड़ी और इमोशनल लग सकती है.

हर व्यक्ति को जन्मदिन पर भीड़ पसंद नहीं होती
यह भी जरूरी नहीं कि जन्मदिन पर अकेले रहना किसी दुख या परेशानी का संकेत ही हो. कुछ लोग स्वभाव से शांत होते हैं और उन्हें बहुत ज्यादा लोगों के बीच रहना पसंद नहीं होता. ऐसे लोगों के लिए जन्मदिन पर बड़ी पार्टी करने के बजाय घर पर रहना, अपनी पसंद की फिल्म देखना, किताब पढ़ना या परिवार के किसी करीबी सदस्य के साथ शांत समय बिताना ज्यादा अच्छा लग सकता है. इसलिए अगर कोई व्यक्ति अपने जन्मदिन पर अकेले रहना चाहता है तो उसे तुरंत उदास, निगेटिव या लोगों से दूर रहने वाला इंसान समझना सही नहीं होगा. हो सकता है कि वह सिर्फ अपने तरीके से इस दिन को जीना चाहता हो.

Advertisement

पुरानी यादें भी जन्मदिन पर ज्यादा परेशान कर सकती हैं
जन्मदिन बीते हुए समय की याद भी दिलाता है. बचपन के जन्मदिन, पुराने दोस्त, परिवार के साथ बिताए दिन और जिंदगी में कभी बहुत खास रहे लोग इस दिन अचानक याद आ सकते हैं. अगर किसी व्यक्ति की जिंदगी में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कोई रिश्ता खत्म हुआ है, किसी करीबी से दूरी आई है या कोई बड़ा बदलाव हुआ है, तो जन्मदिन उन भावनाओं को फिर से सामने ला सकता है. कई बार अच्छी यादें भी इंसान को भावुक कर देती हैं, क्योंकि उसे महसूस होता है कि जिंदगी पहले जैसी नहीं रही.

उम्र बढ़ने का एहसास भी मन को भारी कर सकता है
बचपन में एक साल बड़ा होना खुशी की बात होती है, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ जन्मदिन समय गुजरने का एहसास भी कराने लगता है. कई लोग सोचने लगते हैं कि इस उम्र तक उन्होंने क्या हासिल किया और अभी कितना कुछ बाकी है. किसी को करियर की चिंता होती है, किसी को पैसे की, किसी को रिश्तों की और किसी को भविष्य की. अगर व्यक्ति को लगता है कि उसकी जिंदगी उस दिशा में नहीं जा रही जिसकी उसने कभी कल्पना की थी, तो जन्मदिन के आसपास यह चिंता और ज्यादा महसूस हो सकती है.

Advertisement

कुछ लोग अपने जीवन को लेकर बहुत ज्यादा उम्मीदें रखते हैं. वे अपने लिए एक समय तय कर लेते हैं कि इतनी उम्र तक नौकरी मिल जानी चाहिए, इतने साल में घर खरीद लेना चाहिए या इतने समय तक कोई बड़ा सपना पूरा कर लेना चाहिए. जब वास्तविक जिंदगी उनकी बनाई योजना के मुताबिक नहीं चलती तो वे खुद को पीछे छूटा हुआ महसूस करने लगते हैं. जन्मदिन ऐसे लोगों को बीते हुए समय की याद दिलाता है और उन्हें लग सकता है कि समय निकलता जा रहा है, लेकिन वे अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पाए. हालांकि, हर व्यक्ति की जिंदगी की गति अलग होती है और किसी भी उपलब्धि के लिए कोई एक तय उम्र नहीं होती.

जन्मदिन पर अकेले रहने वाले लोग अलग तरह के होते हैं?
सिर्फ जन्मदिन के दिन किसी व्यक्ति के बिहेवियर को देखकर उसकी नेचर के बारे में फैसला नहीं किया जा सकता. जन्मदिन पर अकेले रहना यह साबित नहीं करता कि कोई व्यक्ति इंट्रोवर्ट है, दुखी है या उसे लोगों से परेशानी है. किसी के नेचर को समझने के लिए उसके बिहेवियर, रिश्तों और भावनाओं को देखना जरूरी होता है. कई बार एक खुशमिजाज व्यक्ति भी अपने जन्मदिन पर शांत रहना पसंद कर सकता है और कई बार बहुत मिलनसार व्यक्ति भी उस दिन भावुक हो सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »