सांप का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में रेंगता हुआ एक खतरनाक जीव आता है. लेकिन अगर आपसे कहा जाए कि एक सांप ऐसा भी है जो अंडे देने से पहले चिड़िया की तरह अपना घोंसला बनाता है, तो शायद आपको यकीन न हो. यह कोई आम सांप नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाने वाला किंग कोबरा है. किंग कोबरा की यह आदत उसे दूसरे सांपों से अलग बनाती है. मादा किंग कोबरा अपने अंडों को खुले में छोड़ने के बजाय उनके लिए पत्तियों और सूखी टहनियों से एक खास तरह का घोंसला तैयार करती है. इसके बाद वह इसी घोंसले में अंडे देती है और उनकी रखवाली भी करती है.
कैसे बनाती है किंग कोबरा अपना घोंसला?
मादा किंग कोबरा जंगल में सूखी पत्तियां, घास और छोटी-छोटी टहनियां इकट्ठा करती है. इसके लिए वह अपने शरीर और सिर की मदद से पत्तियों को एक जगह खींचकर जमा करती है. धीरे-धीरे इन पत्तियों का ढेर एक घोंसले जैसी संरचना का रूप ले लेता है. घोंसले के अंदर वह अंडे रखने के लिए जगह बनाती है. यह व्यवहार सांपों की दुनिया में काफी असामान्य है, क्योंकि ज्यादातर सांप अंडे देने के लिए पहले से मौजूद सुरक्षित जगहों, बिलों या दूसरे प्राकृतिक ठिकानों का इस्तेमाल करते हैं. किंग कोबरा इस मामले में अलग है.
पत्तियों का घोंसला ही क्यों?
अब सवाल आता है कि आखिर किंग कोबरा इतनी मेहनत करके घोंसला क्यों बनाता है? दरअसल, सूखी पत्तियों का यह ढेर सिर्फ अंडों को एक जगह रखने के लिए नहीं होता. यह अंडों को बाहरी मौसम और दूसरे जानवरों से बचाने में भी मदद करता है. पत्तियों के सड़ने की प्रक्रिया से अंदर गर्मी पैदा होती है, जिससे घोंसले का तापमान बाहर के मुकाबले कुछ ज्यादा रह सकता है. यानी किंग कोबरा का यह घोंसला उसके अंडों के लिए एक तरह का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बन जाता है.
अंडे देने के बाद भी करती है रखवाली
किंग कोबरा की खासियत सिर्फ घोंसला बनाने तक ही सीमित नहीं है. मादा अंडे देने के बाद कुछ समय तक उनके आसपास रहकर उनकी सुरक्षा करती है. रिपोर्ट के मुताबिक, मादा किंग कोबरा एक बार में करीब 15 से 40 अंडे तक दे सकती है. वह घोंसले के पास रहकर किसी संभावित खतरे से अंडों को बचाती है. यही वजह है कि अंडों के पास मौजूद किंग कोबरा को बेहद आक्रामक माना जाता है.
घोंसले के पास क्यों ज्यादा खतरनाक होती है?
किंग कोबरा आमतौर पर इंसानों से दूर रहना पसंद करता है. लेकिन जब वह अपने घोंसले और अंडों की रक्षा कर रही होता है, तब उसका व्यवहार काफी बदल सकता है. अगर उसे लगे कि कोई उसके घोंसले के पास पहुंच रहा है, तो वह अपना सिर ऊंचा उठाकर फन फैला सकती है और जोर से फुफकारते हुए खतरे का संकेत दे सकती है. इसलिए जंगल या ऐसे इलाकों में जहां किंग कोबरा पाया जाता है, उसके घोंसले के पास जाना बेहद खतरनाक हो सकता है.
किंग कोबरा को सिर्फ उसके जहर और बड़े आकार के लिए ही नहीं जाना जाता. इसकी सबसे दिलचस्प खासियत इसका घोंसला बनाने का तरीका है. यह जमीन पर पत्तियों का घोंसला बनाकर उसमें अंडे देती है और उनकी सुरक्षा भी करती ह. यही वजह है कि जब किंग कोबरा को घोंसला बनाते देखा जाता है, तो उसका व्यवहार कुछ हद तक चिड़िया जैसा लगता है. हालांकि वह चिड़िया की तरह उड़कर टहनियां नहीं लाती, बल्कि अपने शरीर और सिर की मदद से पत्तियों और टहनियों को इकट्ठा करती है. प्रकृति में हर जीव ने अपने बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अलग-अलग तरीके विकसित किए हैं. किंग कोबरा का यह अनोखा घोंसला भी उसी का एक शानदार उदाहरण है.
aajtak.in