कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून से पेपरलीक के खिलाफ बड़ा कैंपेन शुरू करने जा रहे हैं. कांग्रेस पार्टी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की योजना बनाई है. जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार 17 जुलाई को शाम 7:30 बजे देहरादून के रेस कोर्स रोड पर स्थित बन्नू स्कूल ग्राउंड में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने कार्यक्रम की जानकारी शेयर करते हुए लिखा था कि 17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूं. देवभूमि को पेपर लीक का एपिसेंटर बना दिया गया है. UKSSSC परीक्षा में यहां एक सिस्टम बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल या कोई और पद क़ाबिलियत से नहीं अपराधियों के तय किए रेट से मिलता है.
राहुल गांधी ने लिखा कि सरकार ने सख़्त नकल-विरोधी कानून बनाया लेकिन फिर भी पेपर लीक होते रहे.
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ चढ़ावा चोरी पर 18 पेज की जांच रिपोर्ट आई, ड्रेस कोर्ड समेत दिए ये सुझाव
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' अभियान से जुड़ने की अपील की है. उन्होंने उत्तराखंड के सभी अभ्यर्थियों, छात्रों और युवाओं से इस मुहिम का हिस्सा बनने के लिए कहा. राहुल गांधी ने कहा कि ये लड़ाई युवाओं के भविष्य की है और वो इस लड़ाई में पूरी तरह साथ खड़े हैं.
इस बीच कांग्रसे के इस कार्यक्रम से पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बड़ा हादसा हो गया. गुरुवार को रैली स्थल पर तैयारियों में जुटे कांग्रेस के एक 65 वर्षीय कार्यकर्ता अमर मेहता के सिर पर लोहे का कटर गिर गया. गंभीर रूप से घायल मेहता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
राहुल गांधी का यह कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में होना था. हालांकि, प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी, इसके बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थल बदलकर बन्नू स्कूल मैदान कर दिया. प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार से ही नए स्थल पर तैयारियां शुरू कर दी थीं.
aajtak.in