ब्रह्मकपाल में पिंडदान से पितरों को मिलता है मोक्ष! तर्पण के लिए उमड़ रही भारी भीड़

बद्रीनाथ धाम में पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण के लिए देशभर से लोग पहुंच रहे हैं. पिछले आठ दिनों में 60 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां पिंडदान कर चुके हैं. वहीं भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी हैं.

Advertisement
ब्रह्मकपाल में पिंडदान की है ऐतिहासिक मान्यता. (Photo: Screengrabs) ब्रह्मकपाल में पिंडदान की है ऐतिहासिक मान्यता. (Photo: Screengrabs)

कमल नयन सिलोड़ी

  • चमोली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:25 AM IST

पितृपक्ष के बीच उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. ब्रह्मकपाल से लेकर बद्रीनाथ मंदिर परिसर तक हर तरफ भारी भीड़ नजर आ रही है. अपने पितरों की मोक्ष की कामना लेकर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि मंदिर में भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं, तो बद्रीनाथ हाईवे पर सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइन दिखाई दे रही है.

Advertisement

पितृपक्ष के दौरान बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण का विशेष महत्व माना जाता है. यही वजह है कि इन दिनों यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के साथ ब्रह्मकपाल में पिंडदान और तर्पण कर रहे हैं. इसके बाद भगवान बदरी विशाल के दर्शन के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं. मान्यता है कि ब्रह्मकपाल में पिंडदान से पितरों को मोक्ष मिलता है.

8 दिन में 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष अमित सती के मुताबिक, पिछले आठ दिनों में 60 हजार से अधिक श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए ब्रह्मकपाल पहुंच चुके हैं. उनका कहना है कि इस बार पितृपक्ष में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले काफी ज्यादा है.

Advertisement

उन्होंने बताया कि मुख्य यात्रा सीजन के बाद अक्टूबर में एक बार फिर बद्रीनाथ धाम में यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है. हालांकि, बढ़ती भीड़ के साथ ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ गया है. बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले दो दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई थी, जिसमें रविवार को कुछ सुधार देखने को मिला.

डेढ़ महीने से ज्यादा समय बाकी, बढ़ सकती है भीड़
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण और पितृपक्ष के कारण बद्रीनाथ जाने वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है. प्रशासन गेट सिस्टम समेत दूसरे उपायों के जरिए यातायात को व्यवस्थित करने में जुटा है. श्रद्धालुओं को यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने की सलाह दी जा रही है.

बद्रीनाथ धाम में मंदिर परिसर की भीड़, ब्रह्मकपाल में पिंडदान करते श्रद्धालु और हाईवे पर कतार में दौड़ते वाहन इस समय यात्रा की तस्वीर बयां कर रहे हैं. कपाट बंद होने में अभी डेढ़ महीने से ज्यादा का समय बाकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में भी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »