प्रयागराज: हिंसा से पहले ही लिखी जा चुकी थी जावेद पंप के घर पर बुलडोजर एक्शन की पटकथा!

PDA का कहना है कि जावेद पंप ने बिना अनुमति के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर 250X60 फीट का निर्माण कराया है. इसको लेकर 10 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इस मामले में जावेद पंप को 24 मई को सुनवाई के लिए पेश होना था, लेकिन न वो पेश हुआ और न ही कोई जवाब दिया.

Advertisement
प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद पंप के घर चला बुलडोजर प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड जावेद पंप के घर चला बुलडोजर

aajtak.in

  • प्रयागराज ,
  • 12 जून 2022,
  • अपडेटेड 3:31 PM IST
  • PDA ने 10 मई को जारी किया था कारण बताओ नोटिस
  • 24 मई को नहीं पेश हुआ जावेद पंप, फिर जारी हुआ आदेश
  • 10 जून को जारी लेटर में घर खाली करने के थे निर्देश

प्रयागराज में 10 जून को हुई हिंसा मामले के मास्टरमाइंड कहे जा रहे जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप के घर बुलडोजर चला है. इस कार्रवाई को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने अंजाम दिया है. PDA के इस कदम को हिंसा के बाद की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन ध्वस्तीकरण का मामला पहले से ही संज्ञान में था और कागजी कार्रवाई भी चल रही थी.   

Advertisement

PDA का कहना था कि जावेद पंप ने बिना अनुमति के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर  250X60 फीट का निर्माण कराया है. इसको लेकर 10 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इस मामले में जावेद पंप को 24 मई को सुनवाई के लिए पेश होना था, लेकिन ना वो पेश हुआ और ना ही कोई जवाब दिया.

फिर अथॉरिटी ने 25 मई को ध्वस्तीकरण को लेकर आदेश दिया, जो घर के बाहर चस्पा भी किया गया था. इस बाबत सूचना दी गई थी कि 9 जून तक अतिक्रमण वाला हिस्सा ध्वस्त करके अथॉरिटी को सूचित करें, लेकिन जावेद पंप ने ना सूचना दी और ना ही अतिक्रमण वाले हिस्से को ढहाया.

पीडीए की ओर से 10 जून को जारी किए लेटर में 12 जून को सुबह 11 बजे तक घर को खाली करने का आदेश दिया गया था, जिसके बाद रविवार दोपहर 12.45 बजे पुलिस और प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ. 

Advertisement

95 के खिलाफ नामजद मुकदमा

प्रयागराज हिंसा में पुलिस ने 95 लोगों के खिलाफ नामजद और पांच हजार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष शाह आलम, जीशान रहमानी के साथ ही सपा के पार्षद फजल खान, दिलशाद मंसूरी, मजदूर सभा के नेता आशीष मित्तल और अटाला इलाके के हिस्ट्रीशीटर टीपू के खिलाफ भी पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया है.

जावेद पंप का सियासी कनेक्शन

जावेद पंप को पुलिस पहले ही अरेस्‍ट कर चुकी है. प्रयागराज के अटाला निवासी जावेद पंप का सियासी कनेक्शन भी सामने आया है. जावेद पंप वेलफेयर पार्टी ऑफ इंडिया का प्रदेश महासचिव भी है. बताया जा रहा है कि जावेद पंप कभी टुल्लू पंप का काम किया करता था. टुल्लू पंप का काम करने वाले जावेद के नाम के आगे पंप जुड़ गया. लोग उसे जावेद पंप कहकर बुलाने लगे और ये उसकी पहचान बन गया.

जेएनयू में पढ़ रही बेटी पर भी नजर

एसएसपी ने बताया कि मोहम्मद जावेद की एक बेटी जेएनयू में पढ़ती है, जो जावेद को राय देने का काम करती है. अगर वह भी  इस मामले में दोषी पाई गई तो दिल्ली पुलिस से संपर्क कर अपनी टीमें वहां भेजकर उसे हिरासत में लिया जाएगा. 

प्रयागराज का बवाल सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा

Advertisement

पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी से निलंबित की जा चुकीं नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यूपी के कई शहरों में जमकर बवाल हुआ था. यूपी की राजधानी लखनऊ से लेकर कई शहरों में भी हिंसा देखने को मिली, लेकिन प्रयागराज में जिस तरह बवाल मचा वो सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा. प्रयागराज पुलिस की ओर से बताया गया कि दंगा करने वाले 90 लोगों को नामजद किया गया है. अभी तक 68 उपद्रवियों को कोर्ट में पेश करके उन्हें नैनी सेंट्रल जेल भेजा गया है. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »