पवन खेड़ा को सुप्रीम कोर्ट से झटका, अग्रिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को राहत देने से इनकार करते हुए तेलंगाना हाईकोर्ट के ट्रांजिट अग्रिम जमानत आदेश पर रोक लगा दी है. कोर्ट ने खेड़ा को नोटिस जारी कर तीन हफ्ते में जवाब मांगा है. साथ ही कहा है कि यदि वे अग्रिम जमानत चाहते हैं तो असम की अदालत में जा सकते हैं. यह मामला असम में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है, जिस पर असम सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी.

Advertisement
पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ीं, SC ने हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक (FIle Photo) पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ीं, SC ने हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक (FIle Photo)

अनीषा माथुर / संजय शर्मा

  • नई दिल्ली,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:21 PM IST

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. इस बार उन्हें देश की सबसे बड़ी अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है. असल में, तेलंगाना हाईकोर्ट ने खेड़ा को गिरफ्तारी से बचने के लिए जो एक हफ्ते की राहत (ट्रांजिट बेल) दी थी, सुप्रीम कोर्ट ने उस पर रोक लगा दी है. इसका मतलब यह है कि उन्हें जो फिलहाल के लिए छूट मिली थी, वह अब खत्म हो गई है.

Advertisement

असम सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में इस राहत के खिलाफ अपील की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पवन खेड़ा को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने उनसे पूछा है कि इस मामले पर उनका क्या कहना है और इसके लिए उन्हें तीन हफ्ते का समय दिया गया है. साथ ही, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी साफ कर दिया कि अगर उन्हें अग्रिम जमानत चाहिए, तो उन्हें असम की ही अदालत में जाना होगा.

असम सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट में बहुत ही सीधी बात रखी. उन्होंने सवाल उठाया कि जब केस असम में दर्ज हुआ है, तो तेलंगाना हाईकोर्ट ने इसमें दखल देकर जमानत कैसे दे दी? उनका कहना था कि कायदे से पवन खेड़ा को असम हाईकोर्ट जाना चाहिए था. उन्होंने यह भी दलील दी कि खेड़ा और उनकी पत्नी दिल्ली में रहते हैं, उनके पास दिल्ली के ही आईडी प्रूफ हैं, तो सिर्फ कहीं थोड़ी बहुत प्रॉपर्टी होने से उस जगह की अदालत का हक कैसे बन जाता है कि वह जमानत दे दे.

Advertisement

जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस अतुल एस चंदुरकर की बेंच ने इन बातों को सुनने के बाद यह माना कि कानूनी प्रक्रिया के हिसाब से मामला असम की अदालत का ही बनता है. अब पवन खेड़ा के पास कोई और रास्ता नहीं बचा है, उन्हें राहत के लिए असम की कोर्ट का दरवाजा खटखटाना ही पड़ेगा.

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ था जब पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी के खिलाफ कुछ गंभीर बातें कही थीं. इसी को लेकर असम में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. अब मामला वापस वहीं पहुंच गया है जहां से शुरू हुआ था. आने वाले तीन हफ्ते पवन खेड़ा के लिए काफी भागदौड़ भरे हो सकते हैं क्योंकि उन्हें अब सुप्रीम कोर्ट को जवाब देने के साथ-साथ असम की कोर्ट में भी अपना पक्ष रखना होगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement