‘मेरे साथ आ जाइए...’, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से क्यों बोले पीएम मोदी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से तेलंगाना के विकास के लिए बड़ा दिल दिखाने की अपील की. उन्होंने गुजरात मॉडल का भी जिक्र किया और तेलंगाना की लंबित परियोजनाओं के लिए दो घंटे की विशेष बैठक करने की अपील भी की.

Advertisement
प्रधानमंत्री मोदी से रेवंत रेड्डी ने मांगा सहयोग (Photo: PTI) प्रधानमंत्री मोदी से रेवंत रेड्डी ने मांगा सहयोग (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:45 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को तेलंगाना में थे. पीएम मोदी ने तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक जनसभा को संबोधित किया और प्रदेश को सड़क, रेल समेत करीब 9400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम मोदी ने शादी-विवाह हो या अन्य आयोजन, लोगों से किसी भी मौके पर सोना नहीं खरीदने की अपील की. इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मंच पर मौजूद थे. पीएम मोदी ने रेवंत रेड्डी से हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आप मेरे साथ आ जाइए.

Advertisement

दरअसल, सिकंदराबाद की रैली में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पीएम मोदी से राज्य की विकास योजनाओं को जल्द मंजूरी देने की अपील की. अपने संबोधन के दौरान तेलंगाना के सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे और डॉक्टर मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री, तब वह गुजरात मॉडल के जरिये विकास का सफल उदाहरण पेश किए थे. उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता भी उम्मीद कर रही है कि पीएम मोदी तेलंगाना मॉडल के जरिये प्रदेश की विकास आकांक्षाओं को पूरा करेंगे.

सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि इससे तेलंगाना 2034 तक एक ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकेगा. उन्होंने पीएम मोदी से आग्रह किया कि आपको इसके लिए वैसे ही आशीर्वाद देना होगा, जैसे मनमोहन सिंह ने आपका समर्थन किया था. तब हम आगे बढ़ सकते हैं. सीएम रेड्डी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में स्पेशल सिंगल-विंडो टास्क फोर्स बनाने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे दिल्ली-मुंबई, चेन्नई-कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे छह महानगरों से जुड़ी राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं को तेजी से मंजूरी मिल सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें: '300 कार्यकर्ताओं की कुर्बानी…' बंगाल को लेकर जामनगर से पीएम मोदी का संदेश

उन्होंने कहा कि मूसी नदी पुनर्जीवन परियोजना, मेट्रो रेल विस्तार और प्रस्तावित 12-लेन हैदराबाद-मछलीपट्टनम एक्सप्रेस हाईवे जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं लंबित हैं. सीएम रेड्डी ने पीएम मोदी से तेलंगाना की लंबित परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए दो घंटे विशेष बैठक करने का भी अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार हमेशा कहते हैं कि पीएम मोदी बड़े दिल वाले व्यक्ति हैं. हमारी सिर्फ यही अपील है कि आप तेलंगाना के प्रति भी अपना बड़ा दिल दिखाइए.

विकास में नहीं होनी चाहिए राजनीति- रेवंत रेड्डी

सीएम रेड्डी ने यह भी साफ किया कि विकास की इस अपील के पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है. विकास में राजनीति नहीं होनी चाहिए. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में रेवंत रेड्डी की इस टिप्पणी का उल्लेख किया और कहा कि हम भी राजनीतिक टिप्पणी से बचेंगे. पीएम मोदी ने तेलंगाना को केंद्र के समर्थन का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी से कहना चाहता हूं कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब 10 साल में गुजरात को केंद्र से जितना मिला, उतना देने के लिए मैं तैयार हूं.

राज्य का विकास भी उतना ही जरूरी, जितना देश का- पीएम

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा कि लेकिन मेरी समझ यह भी कहती है कि अगर ऐसा करता हूं, तो अभी आपको जो मिल रहा है, वह आधा हो जाएगा. आप वहां तक नहीं पहुंच पाएंगे, जहां पहुंचना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि इसलिए बेहतर होगा कि आप मेरे साथ आ जाइए. पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दलों की सरकार होना गलत नहीं है, लेकिन राज्यों का विकास भी उतना ही जरूरी है जितना देश का विकास. राज्यों के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है.

यह भी पढ़ें: 'WFH अपनाएं, पेट्रोल-डीजल बचाएं और एक साल तक सोना न खरीदें', मिडिल ईस्ट संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी अपील

उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं. पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से सुधार लागू कर रहा है और आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार कर रहा है. उन्होंने कहा कि हम तेलंगाना के हर परिवार को भरोसा दिलाते हैं कि केंद्र सरकार आपके सपनों को साकार करने के लिए और अधिक गति से काम करती रहेगी. इससे पहले पीएम मोदी ने ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले दो महीने से हमारे पड़ोस में चल रही जंग का असर दुनिया पर पड़ा है. भारत के पास बड़े पैमाने पर तेल के भंडार नहीं हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement