तेलंगाना के महबूबनगर में दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां 21 साल की लड़की एक व्यक्ति ने चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि लड़की को आरोपी को प्रपोज किया था, इस लव प्रपोजल को लड़की ने ठुकरा दिया था. इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दे दिया.
एजेंसी के अनुसार, ये कहानी शनिवार की है. जडचरला इलाके में 21 साल की एक लड़की ऑटो रिक्शा से उतर रही थी. रोज की तरह सड़क पर लोग थे, आवाजाही थी, सब सामान्य लग रहा था. लेकिन अगले कुछ सेकंड में जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिला दिया.
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही लड़की ऑटो से उतरी, एक 30 साल का शख्स अचानक उसके पास पहुंचा. आरोप है कि उसने चाकू निकाला और सीधे लड़की की गर्दन पर वार कर दिया. हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग पहले तो समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है. जब तक लोग दौड़कर पहुंचे, लड़की गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर चुकी थी. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: शादीशुदा महिला को किया प्रपोज, शादी का दबाव बनाया, इनकार किया तो सोते समय फेंका एसिड
पुलिस की शुरुआती जांच कहती है कि आरोपी और लड़की एक-दूसरे को पहले से जानते थे. दोनों की पहचान हैदराबाद में हुई थी, जहां लड़की एक प्राइवेट स्कूल में काम करती थी. इसी दौरान आरोपी उससे मिला. धीरे-धीरे वह लड़की पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डालने लगा. लेकिन लड़की ने साफ मना कर दिया.
यहीं से विवाद शुरू हुआ. पुलिस के मुताबिक, लड़की के इनकार के बाद दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई. लेकिन किसी ने शायद नहीं सोचा होगा कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा. वारदात के बाद वहां मौजूद लोग गुस्से से भड़क गए. उन्होंने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. भीड़ का हमला इतना गंभीर था कि आरोपी खुद बुरी तरह घायल हो गया. बाद में पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल तेलंगाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत स्थिर होने पर उससे पूछताछ की जाएगी और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
aajtak.in