उत्तर प्रदेश के बरेली में एक व्यक्ति ने मैरिज प्रपोजल ठुकराए जाने पर महिला और उसके परिवार पर सोते समय तेजाब फेंक दिया. इस हमले में महिला, उसके पति और दो बच्चे घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
एजेंसी के अनुसार, घटना शेरगढ़ इलाके की है. गर्मी का मौसम था, रात काफी उमस भरी थी, तो एक परिवार अपने घर के अंदर नहीं, बल्कि बरामदे में सो रहा था. मच्छरदानी लगी हुई थी, बच्चे साथ थे, पति-पत्नी भी वहीं थे. सब कुछ सामान्य सा लग रहा था... लेकिन रात में जो हुआ, वो बेहद खौफनाक था.
पुलिस के मुताबिक, एक शख्स जिसका नाम उमेश कश्यप बताया जा रहा है, घर की छत के रास्ते अंदर घुसा. उसने चुपके से एंट्री की और फिर अचानक हमला कर दिया. आरोप है कि उसने सोते हुए परिवार पर मच्छरदानी के ऊपर से एसिड फेंक दिया. अटैक होते ही परिवार चीख पड़ा.
यह भी पढ़ें: 5 महिलाओं से शादी और 50 को मैरिज प्रपोजल... मैट्रिमोनियल साइट पर हुई ठगी की हैरतअंगेज कहानी
इस हमले में महिला, उनके पति और दो छोटे बच्चे झुलस गए. चारों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती इलाज यूपी पुलिस की निगरानी में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ, जहां से एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी उमेश कश्यप, महिला से शादी करना चाहता था. महिला ने उसके प्रपोजल पर साफ तौर पर मना कर दिया था. आरोपी शादीशुदा है, लेकिन इसके बावजूद वह महिला पर शादी के लिए दबाव बना रहा था. सुबह करीब 6 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली.
जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे, बयान लिए, सबूत जुटाए और FIR दर्ज कर दी गई. लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुका था. अब पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं. लोगों का कहना है कि आरोपी काफी समय से महिला को परेशान कर रहा था. बार-बार दबाव बना रहा था, और जब बात नहीं बनी तो उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
aajtak.in