एक पल की गलती, अटक गई सांसें... मासूम बच्चे ने निगल लिया पेन का कैप, डॉक्टरों ने सूझबूझ से बचाई जान

मंचेरियल जिले के नासपुर इलाके में खेलते समय एक बच्चे ने गलती से पेन का कैप निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजन तुरंत उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए कैप को निकालकर बच्चे की जान बचा ली. फिलहाल बच्चा सुरक्षित है और डॉक्टरों की निगरानी में है.

Advertisement
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी कर निकाला पेन का कैप. (Photo: ITG) डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी कर निकाला पेन का कैप. (Photo: ITG)

अब्दुल बशीर

  • मंचेरियल,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:33 AM IST

तेलंगाना के मंचेरियल में एक मासूम बच्चे की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब उसने खेलते-खेलते गलती से पेन का कैप निगल लिया. हालांकि डॉक्टरों की सूझबूझ और तुरंत इलाज की बदौलत बच्चे को बचा लिया गया. अस्पताल में जब कैप निकाल लिया गया, तब परिजनों ने राहत की सांस ली और डॉक्टरों का आभार जताया.

घटना मंचेरियल के नासपुर इलाके की है. यहां रहने वाला एक बच्चा अपने घर पर खेल रहा था. खेलते समय उसके हाथ में पेन था और उसी दौरान उसने गलती से पेन का कैप मुंह में डाल लिया. अचानक वह कैप उसके गले के अंदर चला गया.

Advertisement

कैप निगलते ही बच्चे को बेचैनी होने लगी. उसकी हालत देख परिजन घबरा गए. बच्चे को सांस लेने और गले में अटकन जैसी परेशानी होने लगी, जिसके बाद माता-पिता तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे की तुरंत जांच की. जांच में सामने आया कि पेन का कैप बच्चे के शरीर के अंदर फंस गया है. स्थिति को गंभीर मानते हुए डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए एंडोस्कोपी करने का फैसला लिया.

यह भी पढ़ें: डेढ़ साल के बच्चे ने निगल लिया प्लास्टिक का खिलौना... डॉक्टरों ने बिना ऑपरेशन के ऐसे निकाला

एंडोस्कोपी एक ऐसी मेडिकल प्रॉसेस है, जिसमें एक पतली और लचीली ट्यूब के जरिए शरीर के अंदर मौजूद वस्तु को देखा और बाहर निकाला जाता है. डॉक्टरों की टीम ने बेहद सावधानी के साथ प्रक्रिया पूरी की.

डॉक्टर बोले- बच्चा अब खतरे से बाहर

Advertisement

कुछ ही समय में डॉक्टरों ने बच्चे के शरीर के अंदर फंसे पेन के कैप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया. राहत की बात यह रही कि इस दौरान बच्चे को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं पहुंची. सफल प्रक्रिया के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चा अब खतरे से बाहर है.

डॉक्टरों के अनुसार, यदि समय पर इलाज नहीं मिलता तो यह स्थिति जानलेवा भी हो सकती थी. गले या पेट में किसी बाहरी वस्तु के फंसने से सांस लेने में दिक्कत, संक्रमण या आंतरिक चोट जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए ऐसे मामलों में तुरंत मेडिकल हेल्प लेना बेहद जरूरी होता है.

डॉक्टरों के निगरानी में है बच्चा

फिलहाल डॉक्टरों ने बच्चे को कुछ समय तक निगरानी में रखा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसकी तबीयत पूरी तरह सामान्य है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, बच्चे की हालत स्थिर है और वह स्वस्थ हो रहा है.

इस घटना के बाद डॉक्टरों ने अभिभावकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनका कहना है कि छोटे बच्चों के आसपास पेन कैप, सिक्के, बटन, बैटरी जैसी छोटी वस्तुएं नहीं छोड़नी चाहिए, क्योंकि बच्चे खेल-खेल में इन्हें मुंह में डाल लेते हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है. समय पर अस्पताल पहुंचाने और डॉक्टरों की तत्परता के कारण एक बड़ी घटना टल गई और बच्चे की जान बच गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement