ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले के बाद मिडिल ईस्ट में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. ईरान लगातार उन देशों को निशाना बना रहा है जहां अमेरिका के सैन्य बेस मौजूद हैं. इस बीच कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने 97 ईरानी मिसाइलों और 283 ड्रोन का पता लगाया है. मंत्रालय के अनुसार, स्थिति का जवाब तय नियमों (रूल्स ऑफ एंगेजमेंट) के अनुरूप दिया गया है.
कुवैत पर ईरान ने दागे 97 मिसाइल
ईरान के जवाबी कार्रवाई के बाद ओमान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉक्टर माजिद अल अंसारी ने बयान जारी कर कहा कि ओमान जैसे देश को निशाना बनाना, जिसने ईमानदारी से मध्यस्थता के प्रयास किए, रक्तपात रोकने की कोशिश की और अंतिम क्षण तक कूटनीति का रास्ता खुला रखने का प्रयास किया, स्वयं मध्यस्थता के सिद्धांत पर हमला है.
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पहले कतर को उसकी मध्यस्थता की भूमिका के संदर्भ में निशाना बनाए जाने पर चेतावनी दी गई थी, उसी तरह यह आक्रामकता एक खतरनाक पैटर्न को दर्शाती है. उनके अनुसार, यह स्थिति मध्यस्थ देशों की भूमिका को कमजोर करती है और संकट को नियंत्रित करने तथा शांति और स्थिरता बनाए रखने के सबसे महत्वपूर्ण साधनों में से एक को नुकसान पहुंचाती है.
वहीं खाड़ी देशों पर ईरान के बढ़ते हमलों के बीच कुवैत में भारत के दूतावास ने बताया है कि अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण कुवैत में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए अधिकारी लगातार संपर्क में हैं. दूतावास स्थानीय प्राधिकरणों, जिन होटलों में यात्री ठहरे हैं उनके प्रबंधन और संबंधित एयरलाइंस के साथ लगातार समन्वय कर रहा है. भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
मिडिल ईस्ट में फंसे सैकड़ों भारतीय नागरिक
मिडिल ईस्ट में उपजे तनाव की वजह से पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं और दुबई सहित कई प्रमुख हब एयरपोर्ट्स पर सैकड़ों भारतीय फंसे हुए हैं. इनमें कई प्रमुख हस्तियां, जनप्रतिनिधि, छात्र और पर्यटक शामिल हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भारत सरकार से सहायता की अपील की है.
दुबई में फंसे लोगों में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु, कर्नाटक से जेडी(एस) एमएलसी एस एल भोजेगौड़ा और उनका परिवार, बंगाली अभिनेत्री सुभश्री गांगुली अपने बेटे के साथ, पर्यटक समूह और छात्र शामिल हैं.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन वर्तमान स्थिति अशांत है और वहां उड़ान भरना खतरनाक है. पी वी सिंधु ने सोशल मीडिया पर लिखा कि हालात हर घंटे और भयावह हो रहे हैं और एयरपोर्ट के पास विस्फोट हुआ. वहीं अभिनेत्री सुभश्री गांगुली और उनका बेटा दुबई के पाम जुमेराह स्थित होटल में ठहरे हुए हैं. उनके पति राज चक्रवर्ती ने बताया कि होटल के पास विस्फोट हुआ और लोगों को बाहर न निकलने के निर्देश दिए गए हैं.
इस बीच विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया की स्थिति के कारण भारत में फंसे विदेशी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने कहा है कि यदि वीजा विस्तार या ठहराव नियमित कराने में सहायता चाहिए तो वो अपने नजदीकी एफआरआरओ कार्यालय से संपर्क करें.
aajtak.in